न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क (अश्मित, पटना) बिहार की सियासत में अगले 24 घंटे बेहद निर्णायक होने वाले हैं। राज्य में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। मुख्यमंत्री आवास में हलचल बढ़ गई है और नीतीश कुमार के इस्तीफे से लेकर नए मंत्रिमंडल के स्वरूप तक की तैयारी अंतिम चरण में है।
कल नीतीश कुमार का आखिरी कैबिनेट और इस्तीफा
सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कल (14 अप्रैल) अपनी कैबिनेट की आखिरी बैठक करेंगे। इस औपचारिक बैठक के ठीक बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं। आज सुबह से ही मुख्यमंत्री आवास पर बड़े नेताओं के आने-जाने का सिलसिला जारी है, जहाँ सत्ता परिवर्तन की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
बंगाल से वापस बुलाए गए बीजेपी विधायक
बिहार में सरकार गठन को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) भी पूरी तरह एक्शन मोड में है। बीजेपी ने अपने उन सभी 50 से अधिक विधायकों को तुरंत पटना लौटने का निर्देश दिया है, जो पश्चिम बंगाल चुनाव में प्रचार और चुनावी प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इन सभी विधायकों को 14 अप्रैल की सुबह तक हर हाल में पटना पहुंचने को कहा गया है।
NDA की बड़ी बैठक
14 अप्रैल को ही पटना में एनडीए (NDA) विधानमंडल दल की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। इसी बैठक में नए नेता का चयन और सरकार गठन की औपचारिक घोषणा हो सकती है। दिलचस्प बात यह है कि बीजेपी के विधायक नई सरकार के गठन की प्रक्रिया पूरी होते ही वापस बंगाल चुनाव के मोर्चे पर लौट जाएंगे।
पटना में सियासी सरगर्मी तेज
राजधानी पटना में राजनीतिक पारा चढ़ा हुआ है। एक तरफ जहां जेडीयू के भीतर भविष्य की भूमिका को लेकर चर्चाएं हैं, वहीं बीजेपी मुख्यालय में भी बैठकों का दौर जारी है। 14 अप्रैल की दोपहर तक बिहार की नई सरकार की तस्वीर पूरी तरह साफ होने की उम्मीद है।