न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड में गर्मी अब अपने तेवर दिखाने लगी हैं. आज राज्य का मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क बना हुआ हैं. आसमान में बादलों की मौजूदगी लगभग न के बराबर है, जिससे दिनभर तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को झुलसा रही हैं. मौसम विभाग के अनुसार, आज अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे दोपहर के समय हालात और ज्यादा कठिन हो जाएंगे.
दक्षिणी-पश्चिमी जिलों में सबसे ज्यादा असर
राज्य के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों में गर्मी का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल रहा हैं. पलामू, गढ़वा, चतरा और पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) जैसे जिलों में भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया गया हैं. इन इलाकों में तापमान 38 से 39 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है, जिससे लू जैसी स्थिति बन सकती हैं.
मध्य और उत्तरी हिस्सों में भी गर्मी का दबाव
झारखंड के मध्य और उत्तरी जिलों में भी गर्मी कम नहीं हैं. हालांकि यहां तापमान थोड़ा कम रह सकता है लेकिन तेज धूप और सूखी हवाओं के कारण लोगों को राहत नहीं मिल रही. दिनभर उमस और गर्मी का असर बना रहेगा.
रांची, गुमला, हजारीबाग और लोहरदगा जैसे पठारी क्षेत्रों में दिन के मुकाबले थोड़ी राहत जरुर हैं. यहां तापमान अन्य जिलों की तुलना में कम रहता हैं. खास बात यह है कि इन इलाकों में रात का तापमान अभी भी 19-20 डिग्री के आसपास बना हुआ है, जिससे रातें अपेक्षाकृत ठंडी महसूस हो रही हैं.
बारिश की उम्मीद खत्म
मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि आज राज्य में कहीं भी बारिश की संभावना नहीं हैं. अगले 2 से 3 दिनों तक भी झारखंड में मौसम शुष्क और साफ बना रहेगा. कुछ उत्तरी जिलों में हल्के बादल जरुर दिख सकते है लेकिन वर्षा होने की संभावना बेहद कम हैं. झारखंड में फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के कोई संकेत नहीं हैं. आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है, जिससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ने की आशंका हैं.
यह भी पढ़े: Weather Update: अप्रैल में ही पसीने-पसीने हुआ भारत! देशभर में गर्मी को लेकर रेड अलर्ट जारी