संजय कुमार/न्यूज11 भारत
बेगूसराय/डेस्क: बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों ने बेगूसराय जिले की राजनीतिक तस्वीर एक बार फिर साफ कर दी है. जिले की सात विधानसभा सीटों पर मतगणना पूरी होने के बाद एनडीए ने पाँच सीटों पर जीत का परचम लहराया, जबकि महागठबंधन को दो सीटों पर संतोष करना पड़ा. पूरे जिले में मुकाबला रोमांचक रहा, लेकिन अधिकांश क्षेत्रों में एनडीए उम्मीदवारों ने बढ़त बरकरार रखते हुए बाजी मार ली.
महागठबंधन के हिस्से में दो प्रमुख सीटें
मटिहानी विधानसभा सीट से राजद प्रत्याशी नरेंद्र कुमार सिंह उर्फ बोगो सिंह ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की. पूरे चुनाव के दौरान इस सीट पर शुरुआती राउंड से ही उन्हें बढ़त मिलती रही, अंतिम राउंड तक में बोगो सिंह ने निर्णायक बढ़त लेकर जीत पक्की कर दी.
इसी तरह साहेबपुर कमाल सीट पर राजद के सत्तानंद संबुद्ध उर्फ ललन यादव विजयी रहे. शुरुआती राउंड से ही उन्हें बढ़त मिलती रही, जिसे अंत तक बरकरार रखते हुए उन्होंने महागठबंधन के खाते में यह महत्वपूर्ण जीत जोड़ दी.
बेगूसराय में एनडीए का दबदबा कायम
जिले की पाँच सीटों पर एनडीए ने बंपर जीत हासिल की. कई जगह पर मुकाबला कड़ा रहा, तो कुछ सीटों पर एनडीए प्रत्याशी शुरू से अंत तक बढ़त बनाए रहे.
1. बछवारा विधानसभा — सुरेंद्र मेहता की जीत
बीजेपी प्रत्याशी सुरेंद्र मेहता ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए जीत हासिल की. स्थानीय स्तर पर विकास और संगठन की मजबूती उनकी जीत का प्रमुख आधार मानी जा रही है.
2. तेघरा विधानसभा — रजनीश कुमार सिंह की ऐतिहासिक जीत
तेघरा में बीजेपी के रजनीश कुमार सिंह ने भारी मतों के अंतर से जीत दर्ज की है. इसे एनडीए की सबसे बड़ी जीतों में से एक माना जा रहा है, क्योंकि यह सीट परंपरागत रूप से चुनौतीपूर्ण मानी जाती रही है.
3. बेगूसराय विधानसभा — कुंदन कुमार का दमदार प्रदर्शन
बेगूसराय सीट से बीजेपी प्रत्याशी कुंदन कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतिद्वंद्वी को पराजित किया. शहर क्षेत्र में बेहतर पकड़ और युवाओं का समर्थन उनकी जीत का मुख्य कारण माना जा रहा है.
4. चेरिया बरियारपुर — अभिषेक आनंद की जीत
जेडीयू के टिकट पर चुनाव लड़ रहे अभिषेक आनंद ने चेरिया बरियारपुर विधानसभा सीट को एनडीए की झोली में डाल दिया. उन्होंने लगातार बढ़त बनाए रखते हुए जीत हासिल की.
5. बखरी विधानसभा — लोजपा के संजय पासवान विजयी
बखरी सीट पर लोजपा (रामविलास) के संजय पासवान ने जीत हासिल की. सरल स्वभाव और स्थानीय मुद्दों पर मजबूत पकड़ को उनकी जीत का कारण माना जा रहा है.
इन नतीजों के साथ बेगूसराय जिले की राजनीतिक तस्वीर यह संकेत देती है कि एनडीए गठबंधन का प्रभाव अभी भी जिले में मजबूत बना हुआ है. वहीं राजद ने दो महत्वपूर्ण सीटों पर कब्जा जमाकर यह साबित किया है कि महागठबंधन भी मुकाबले में मजबूती से मौजूद है.
यह भी पढ़ें: बिहार की जनता के विश्वास और मेहनत का फल मिला - चिराग पासवान