न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
रोहित/पटना: यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) पर RJD अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री अशरफ अली फातमी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार पर निशाना साधा है। अशरफ अली फातमी ने आरोप लगाया कि यूनिफॉर्म सिविल कोड के नाम पर अल्पसंख्यकों के मजहबी मामलों में दखल देने और उन पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।
फातमी ने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 44 में समान नागरिक संहिता का उल्लेख जरूर है, लेकिन इसे लेकर राज्यों की भूमिका और अधिकार को लेकर अलग-अलग संवैधानिक सवाल हैं। उन्होंने कहा कि RJD UCC के खिलाफ है और बिहार में इसे लागू करने के किसी भी प्रयास का विरोध किया जाएगा।
उन्होंने अनुच्छेद 15 का हवाला देते हुए कहा कि संविधान धर्म के आधार पर भेदभाव से सुरक्षा देता है और सभी नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करता है।
बता दें कि बिहार में UCC को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं के अलग-अलग बयान सामने आ रहे हैं। जेडीयू ने भी कहा है कि UCC के प्रावधान सामने आने के बाद ही पार्टी इस पर विचार करेगी।
“यूनिफॉर्म सिविल कोड के नाम पर अल्पसंख्यकों के मजहबी मामलों में दखलंदाजी और दबाव बनाने का काम सरकार कर रही है। हम लोग इसका विरोध करेंगे और बिहार में इसे लागू करने के किसी भी प्रयास के खिलाफ आवाज उठाएंगे।”