नवादा में साइबर अपराधियों के घर कुबेर का खजाना! बेड के नीचे से निकले ₹54 लाख कैश...

नवादा साइबर भंडाफोड़

नवादा में साइबर अपराधियों के घर कुबेर का खजाना! बेड के नीचे से निकले ₹54 लाख कैश और किलो के भाव सोना-चांदी

नवादा पुलिस ने वारिसलीगंज में बड़ी कार्रवाई कर 4 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से ₹54.84 लाख नकद, लैपटॉप, मोबाइल और भारी मात्रा में सोना-चांदी बरामद हुआ।

नवादा में साइबर अपराधियों के घर कुबेर का खजाना बेड के नीचे से निकले ₹54 लाख कैश और किलो के भाव सोना-चांदी

न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क: नवादा जिला पुलिस ने शुक्रवार को साइबर अपराध के एक ऐसे बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है, जिसके तार बेहद गहरे जुड़े थे। पुलिस ने वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के चकवाय और सिमरी गांवों में तबाड़तोड़ छापेमारी कर चार कुख्यात साइबर अपराधियों को दबोच लिया। इनके पास से बरामद संपत्ति को देखकर खुद पुलिस भी हैरान रह गई। अपराधियों के पास से 54 लाख 84 हजार रुपये नगद, भारी मात्रा में सोना-चांदी, लैपटॉप और स्मार्टफोन जब्त किए गए हैं।

इस बड़ी कामयाबी की विस्तृत जानकारी नवादा के पुलिस अधीक्षक (SP) अभिनव धीमान ने एक प्रेस वार्ता के दौरान दी।

SIT और स्वाट टीम ने चक्रव्यूह रचकर दबोचा

SP अभिनव धीमान ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था। इस हाई-प्रोफाइल टीम का नेतृत्व साइबर थाना के पुलिस उपाधीक्षक सह थानाध्यक्ष मो. शाहनवाज अख्तर कर रहे थे। शुक्रवार को SIT ने स्वाट (SWAT) टीम के साथ मिलकर चिन्हित ठिकानों पर अचानक धाबा बोल दिया। पुलिस की इस घेराबंदी के आगे अपराधियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

इस मामले में साइबर थाना कांड संख्या-61/26 (दिनांक 19.06.2026) के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 और आईटी एक्ट की कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

मोडस ऑपेरंडी: ऐसे खाली करते थे लोगों का बैंक खाता

गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में पुलिस के सामने ठगी के खेल का पूरा कच्चा चिट्ठा खोल दिया है। उनका नेटवर्क बेहद शातिराना तरीके से काम करता था:

  • डेटा की चोरी: ये अपराधी ईमेल आईडी और व्हाट्सएप के जरिए लोगों के क्रेडिट कार्ड नंबर हासिल करते थे।

  • बातों के जाल में फंसाना: इसके बाद क्रेडिट कार्ड धारकों को कॉल करके "कार्ड अपडेट" करने का झांसा देते थे और चालाकी से उनके कार्ड का एक्सेस (OTP व अन्य जानकारी) ले लेते थे।

  • शॉपिंग और ऐश-ओ-आराम: कार्ड का एक्सेस मिलते ही ये लोग धड़ल्ले से ऑनलाइन शॉपिंग और अन्य ट्रांजैक्शन कर डालते थे।

  • अन्य हथकंडे: इसके अलावा, गैंग के सदस्य लोगों को फर्जी हेल्थ कार्ड बनाने और सस्ते लोन दिलाने का लालच देकर भी अपनी ठगी का शिकार बनाते थे।

गिरफ्तार अपराधियों की कुंडली

पकड़े गए सभी आरोपी कम उम्र के हैं, लेकिन इनके कारनामे बड़े अपराधियों जैसे हैं:

  1. नीतीश कुमार (24 वर्ष)

  2. राहुल कुमार उर्फ बिल्ला (21 वर्ष)

  3. प्रेंस कुमार (24 वर्ष)

  4. सनित कुमार (20 वर्ष)

बरामदगी की लिस्ट (क्या-क्या मिला):

  • नकद राशि: ₹54,84,000 (चमकते हुए नोटों के बंडल)

  • सोना: 406 ग्राम

  • चांदी: 1646 ग्राम (करीब डेढ़ किलो से ज्यादा)

  • इलेक्ट्रॉनिक्स: 2 आधुनिक लैपटॉप और 8 स्मार्टफोन

पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी पुलिस

नवादा पुलिस की इस सर्जिकल स्ट्राइक से जिले के साइबर अपराधियों और उनके आकाओं में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह तो सिर्फ ट्रेलर है। इस गिरोह के तार और कहां-कहां जुड़े हैं, इनके बैंक खातों में कितना पैसा है और इस नेटवर्क में और कौन से सफेदपोश शामिल हैं, इसका पता लगाने के लिए आगे की छानबीन शुरू कर दी गई है। जल्द ही कुछ और बड़ी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

संबंधित सामग्री

कूरियर बॉय बनकर व्हाट्सएप हैक करने वाले गिरोह का खुलासा,  नवादा में 2 साइबर ठग गिरफ्तार

बिहार

कूरियर बॉय बनकर व्हाट्सएप हैक करने वाले गिरोह का खुलासा, नवादा में 2 साइबर ठग गिरफ्तार

नवादा में साइबर ठगी का बड़ा खुलासा हुआ है। कूरियर सेवा के नाम पर और व्हाट्सएप हैक कर ठगी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार। एसपी के निर्देश पर SIT ने वारिसलीगंज में की कार्रवाई, 5 मोबाइल बरामद। रहें सावधान।

नवादा: कोलवा जंगल में शराब माफियाओं पर पुलिस का करारा प्रहार

बिहार

नवादा: कोलवा जंगल में शराब माफियाओं पर पुलिस का करारा प्रहार

नवादा में फर्जी लोन दिलाने वाले साइबर ठग गिरफ्तार, 9 मोबाइल और नकदी बरामद

बिहार

नवादा में फर्जी लोन दिलाने वाले साइबर ठग गिरफ्तार, 9 मोबाइल और नकदी बरामद