न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: राजधानी रांची के नामकुम रेलवे स्टेशन से एक दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है. स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 के समीप एक आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) जवान का शव बरामद किया गया है. घटना के बाद रेलवे परिसर में हड़कंप मच गया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार अहले सुबह की बताई जा रही है. प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि ड्यूटी के दौरान जवान किसी ट्रेन की चपेट में आ गया होगा. हादसा इतना भीषण था कि जवान का सिर धड़ से अलग हो गया. घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी रांची की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
फिलहाल जवान की मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के संबंध में स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी. घटना के बाद रेलवे कर्मियों और सुरक्षा बल के जवानों में शोक का माहौल है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले की विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी.
यह भी पढ़ें: झारखंड राज्यसभा चुनाव: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विधानसभा पहुंचे, NDA के विधायकों ने डाला वोट