न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क(चंद्र प्रकाश, मुजफ्फरपुर) बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बाद भी तस्कर पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए आए दिन नए-नए और चौंकाने वाले हथकंडे अपना रहे हैं. ताजा मामला मुजफ्फरपुर से सामने आया है, जहां 'फैमिली टूर' की आड़ में चल रहे एक बड़े अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह का पर्दाफाश हुआ है. पुलिस से बचने के लिए तस्कर अपनी नई नवेली दुल्हनों को ढाल बनाकर चल रहे थे, लेकिन उत्पाद विभाग की मुस्तैदी ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया. पुलिस ने हरियाणा के दो सगे पतियों और उनकी नवविवाहित पत्नियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
मुक्तिधाम के पास घेराबंदी, फर्जी नंबर प्लेट लगी लग्जरी कार से हुआ खुलासा
उत्पाद इंस्पेक्टर दीपक कुमार सिंह ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि हरियाणा से एक लग्जरी कार में शराब की बड़ी खेप बिहार लाई जा रही है. इस सूचना के आधार पर सरैया थाना क्षेत्र के रेवा रोड स्थित मुक्तिधाम के पास जाल बिछाया गया.
छपरा की ओर से आ रही एक संदिग्ध लग्जरी कार को जब टीम ने रोककर तलाशी ली, तो अधिकारी भी हैरान रह गए. कार की सीटों के नीचे विशेष रूप से बनाए गए गुप्त खानों (तहखानों) और डिक्की से हरियाणा निर्मित विदेशी शराब के 1642 पीस बरामद किए गए. जांच में यह भी पता चला कि पुलिस की चेकिंग से बचने के लिए गाड़ी पर मुंगेर का फर्जी नंबर प्लेट लगाया गया था.
सिर्फ दो महीने पहले हुई थी शादी, 'हनीमून' के बहाने कर रहे थे तस्करी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के रोहतक निवासी अजीत, उसकी पत्नी सोनू, दीपक और उसकी पत्नी राखी के रूप में हुई है. चौंकाने वाली बात यह है कि अजीत और सोनू की शादी महज दो महीने पहले ही हुई थी. पुलिस के सामने कोई शक न करे, इसलिए ये लोग खुद को 'फैमिली टूर' पर निकला हुआ दिखाते थे. पुलिस ने मौके से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ के बाद एफआईआर दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है.
दरभंगा में खपा चुके हैं खेप, मुजफ्फरपुर के चांदनी चौक पर होनी थी डिलीवरी
पूछताछ के दौरान पकड़े गए तस्करों ने कई बड़े खुलासे किए हैं. उन्होंने बताया कि शराब की इस खेप को मुजफ्फरपुर के चांदनी चौक पर डिलिवर करना था. वहां उन्हें सिर्फ गाड़ी छोड़नी थी, जिसके बाद स्थानीय तस्कर शराब को आगे सप्लाई करते. आरोपियों ने यह भी कबूल किया कि वे इस हथकंडे से पहले भी दरभंगा में शराब की एक बड़ी खेप सुरक्षित पहुंचा चुके हैं.
स्थानीय कनेक्शन की तलाश तेज, मुजफ्फरपुर बॉर्डर पर अलर्ट
इस सनसनीखेज खुलासे के बाद उत्पाद विभाग और स्थानीय पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है. पुलिस अब इस अंतरराज्यीय गिरोह के स्थानीय नेटवर्क और मुख्य सरगना की तलाश में जुट गई है. तस्करों के इस नए पैंतरे को देखते हुए मुजफ्फरपुर बॉर्डर पर संदिग्ध गाड़ियों की निगरानी बढ़ा दी गई है और सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है.