न्यूज 11 भारत/पटना डेस्क: सोमवार की सुबह अपराधियों ने अधिवक्ता गुड्डू अंसारी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात कटिहार जिले के नगर थाना क्षेत्र के पटेल चौक के समीप हुई। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने पहले अधिवक्ता पर चाकू से कई वार किए और फिर सिर के पास सटाकर गोली मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार गुड्डू अंसारी अपने रोजितपुर स्थित आवास से करीब 10 बजे कटिहार व्यवहार न्यायालय जा रहे थे। इसी दौरान पटेल चौक के पास अज्ञात अपराधियों ने उन्हें रोक लिया और हमला कर दिया। घटना की वजह जमीन विवाद बताई जा रही है।
बताया गया कि मृतक की बहन का हरिगंज चौक इलाके में जमीन को लेकर विवाद चल रहा था, जिसका मामला नगर थाना में दर्ज था। इस मामले में गुड्डू अंसारी अपनी बहन का साथ दे रहे थे और उन्हें पूर्व में जान से मारने की धमकी भी मिल चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी विशाल आनंद पुलिस टीम के साथ सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कहा कि हत्या की जांच की जा रही है और घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की बात कह रही है। इधर, अधिवक्ता की मौत के बाद पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के दो छोटे बच्चे हैं, जिनके भविष्य और भरण-पोषण को लेकर परिवार गहरे सदमे में है।