न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : बिहार में मानसून के बीच मौसम करवट लेने वाला है। प्रदेश वासियों को तपती गर्मी और लू के थपेड़ों से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 2 जुलाई को राज्य के कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान विभाग ने लोगों से सतर्क और सावधानी बरतने की भी अपील की है।
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
सीमांचल और मिथिलांचल के कई जिलों जैसे कटिहार, मधुबनी, पूर्णिया, सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण जिलों में एक-दो स्थानों पर भयंकर बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान बादलों की गड़गड़ाहट और वज्रपात गिरने के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा, उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्व बिहार के अररिया, दरभंगा, किशनगंज, मधेपुरा, मुजफ्फरपुर, सहरसा, समस्तीपुर, शिवहर, सुपौल और वैशाली जिलों में भी कई स्थानों पर मेघ गर्जन के आकाशीय बिजली गिरने की पूर्वानुमान लगाया गया है।
कैसा रहेगा तापमान?
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2-3 दिनों तक प्रदेश के तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं दिख रही है। ऐसे में 2 जुलाई को प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 30-34 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया गया है।