न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
हाजिपुर - शनिवार दोपहर वैशाली जिले के हाजीपुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक फोम निर्माण इकाई में अचानक आग भड़क उठी। आग लगते ही फैक्ट्री के अंदर काम कर रहे मजदूरों में हड़कंप मच गया और सभी अपनी जान बचाने के लिए तेजी से बाहर की ओर भागे। शुरुआती समय में ही स्थिति बेहद भयावह हो गई, जिससे आसपास के इलाके में भी दहशत फैल गई।
हाईलाइट्स:
- हाजीपुर इंडस्ट्रियल एरिया की फोम फैक्ट्री में भीषण आग
- आग लगते ही मजदूरों में मची अफरातफरी, बाहर भागकर बचाई जान
- फोम सामग्री के कारण तेजी से फैली आग, बुझाने में आई दिक्कत
- दमकल की कई गाड़ियां मौके पर, काबू पाने की कोशिश जारी
- पुलिस ने घेरा इलाका, आग लगने के कारणों की जांच शुरु
देखते ही देखते विकराल हुई आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग कुछ ही मिनटों में पूरी फैक्ट्री में फैल गई। ऊंची-ऊंची लपटें और आसमान में उठता काला धुआं दूर से ही नजर आने लगा। आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए, हालांकि पुलिस ने तुरंत इलाके को खाली कराकर लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की हिदायत दी।
दमकल की कई गाड़ियां मौके पर तैनात
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। फोम जैसे ज्वलनशील पदार्थ के कारण आग तेजी से फैल रही है, जिससे बुझाने में काफी दिक्कत आ रही है। दमकलकर्मी लगातार मशक्कत कर रहे हैं।
पुलिस ने शुरु की जांच
पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित करने में जुट गई। पूरे इलाके को घेर लिया गया है और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट जैसी आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
राहत - बचाव कार्य जारी, कोई हताहत नहीं
यह फैक्ट्री पासवान चौक के पास चाणक्य कॉलोनी रोड पर स्थित बताई जा रही है। स्थानीय लोग भी राहत और बचाव कार्य में प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं। फिलहाल किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
इसे भी पढ़ें - पड़ोसन से शुरु हुआ प्यार-मोहब्बत का खेल… शादी का वादा देकर करता रहा तीन साल तक यौन शोषण, पुलिस ने किया गिरफ्तार