न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
विकाश कुमार/मोकामा: बिहार की सियासी सरजमीं पर हमेशा से चर्चा के केंद्र में रहने वाले मोकामा में अब राजनीति की नई इबारत लिखी जा रही है, जहाँ बाहुबलियों की अगली पीढ़ी ने कमान संभाल ली है। एक तरफ पूर्व विधायक अनंत सिंह के बेटे अभिषेक सिंह तो दूसरी तरफ पूर्व सांसद सूरजभान सिंह के बेटे अमितोष कुमार अब खुले तौर पर ताल क्षेत्र में मोर्चा संभाले नजर आ रहे हैं।
दरअसल, पंचमहला और मोकामा क्षेत्र में हाल ही में हुई तीन लोगों की हत्याओं के बाद इलाके में उपजे तनाव के बीच दोनों युवा चेहरे लगातार पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर रहे हैं और उन्हें हरसंभव मदद पहुंचा रहे हैं। दुख की इस घड़ी में परिजनों को ढांढस बंधाने के साथ-साथ यह दोनों युवाओं का जनता के बीच अपना सीधा आधार मजबूत करने का प्रयास भी है।
मोकामा पर दशकों से इन दोनों परिवारों का प्रभाव रहा है, और अब जब शीर्ष नेता सीधे चुनावी मंचों से दूरी बनाए हुए हैं, तब दोनों बेटों का जमीन पर उतरना साफ संकेत दे रहा है कि विरासत की यह जंग अब अगली पीढ़ी के हाथों में आ चुकी है। स्थानीय गलियारों में यह चर्चा तेज हो चुकी है कि मोकामा की अगली सियासी रणनीति और सत्ता का ताज इन्हीं 'जूनियर बाहुबलियों' में से किसी एक के सिर सजेगा।