न्यूज 11 भारत/पटना डेस्क: जमुई और समस्तीपुर की घटनाओं को लेकर बिहार में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। तेजस्वी यादव के सरकार पर सवाल उठाने के बाद बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सह दरभंगा नगर विधायक संजय सरावगी ने तेजस्वी यादव और लालू परिवार पर तीखा पलटवार किया है।
संजय सरावगी ने कहा कि आज जमुई और समस्तीपुर की घटना पर सवाल उठाने वाले उस समय क्यों चुप थे, जब उनके ही परिवार से जुड़ी महिला उत्पीड़न की बात सामने आई थी। उन्होंने कहा कि तब भी इन लोगों को आवाज उठाकर लोगों को बताना चाहिए था कि उनके घर में महिला का उत्पीड़न हो रहा है।
सरावगी ने तेजस्वी यादव के सरकार पर लगाए आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि बिहार में राक्षस राज नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सुशासन स्थापित किया जा रहा है।
उन्होंने दावा किया कि अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस को खुली छूट दी गई है और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
सरावगी ने ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ का जिक्र करते हुए कहा कि पुलिस पर हमला या गैरकानूनी कार्रवाई करने वाले अपराधियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा रही है।
जमुई और समस्तीपुर की घटनाओं को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार के संज्ञान में मामला आते ही कार्रवाई की गई और 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। जमुई मामले के मुख्य आरोपी के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई की।
सरावगी ने कहा कि सरकार का फोकस सिर्फ घटना के बाद कार्रवाई करने पर नहीं, बल्कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए अपराध नियंत्रण की व्यवस्था मजबूत करने पर भी है।
वहीं, तेजस्वी यादव के मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग पर तंज कसते हुए संजय सरावगी ने कहा कि तेजस्वी मुख्यमंत्री के इस्तीफे का दिवास्वप्न देख रहे हैं, लेकिन उनका यह सपना पूरा नहीं होगा। उन्होंने राजद पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जनता पहले ही राजद को नकार चुकी है।