न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: बिहार में बुधवार की रात एक और एनकाउंटर किया गया। किशनगंज में बाइक चोरी गिरोह के एक अपराधी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में लगी। फिर उसे गिरफ्तार कर पुलिस कस्टडी में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
मिली जानकारी के मुताबिक, घायल अपराधी पवन कुमार उर्फ चिंटू पर 10 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस मुठभेड़ में दो SI को भी चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए हॉस्पिटल ले जाया गया है। एनकाउंटर टाउन थाना क्षेत्र के फरीनगोला रेलवे फाटक के पास चौहान बस्ती में किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही डीएम विशाल राज और एसपी संतोष कुमार पूरे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
पुलिस को देखकर भागने लगा और फायरिंग की
पुलिस को बाइक चोरी की घटना की जानकारी मिली थी। तकनीकी जानकारी जुटाने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां अपराधी पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगे। भागने के दौरान पुलिस अधिकारियों और अपराधी पवन कुमार उर्फ चिंटू के बीच गोलीबारी हुई और अपराधी पवन ने पुलिस पर हमला कर दिया। आत्मरक्षा में पुलिस टीम ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें पुलिस अधिकारी और अपराधी दोनों घायल हो गए। घायल पुलिस अधिकारियों और अपराधी को प्राथमिक उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
मुठभेड़ में 6 राउंड फायरिंग
मुठभेड़ के दौरान कुल 6 गोलियां चलीं, जिसमें पुलिस की ओर से 2 राउंड फायरिंग की गई। इसमें से एक गोली अपराधी के पैर में लगी, जबकि एक गोली मिसफायर हो गई। वहीं अपराधी की ओर से 4 राउंड फायरिंग की गई। मौके से 6 कारतूस बरामद किए गए हैं। इसके अलावा एक बाइक और एक पिस्टल भी जब्त की गई है।
3 दिनों में 5वां एनकाउंटर
सम्राट सरकार में 3 दिन में ये 5वां एनकाउंटर है। पुलिस ने सोमवार(18 मई) की सुबह-सुबह सीवान में जामापुर सोना दुकान लूटकांड के एक आरोपी को दौड़ाकर पैर में गोली मारी थी। वहीं पटना में एक शिक्षक से लूटपाट और गोलीबारी के मामले में पुलिस ने दो अपराधियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। इस दौरान एक अपराधी संदीप उर्फ बादल के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी प्रिंस पकड़ा गया। जबकि मंगलवार(19 मई) की सुबह पटना में दिनदहाड़े सिक्योरिटी वैन से 27 लाख लूट में शामिल बदमाश को पुलिस ने दौड़ाकर गोली मारी है। गोली पैर में लगी है। बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं बुधवार(20 मई) की अहले सुबह समस्तीपुर में पुलिस और बदमाशों की बीच 5 राउंड फायरिंग हुई। एनकाउंटर में बदमाश प्रिंस को पैर में गोली लगी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।