न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
रोहित / पटना : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज दरभंगा दौड़े पर रहेंगे। मुख्यमंत्री का आगमन दरभंगा एयरपोर्ट पर होगा, जहां वे कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर दरभंगा एयरपोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस के साथ-साथ एसडीपीओ रैंक के अधिकारी भी लगातार एयरपोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों का निरीक्षण कर रहे हैं। सुरक्षा के दृष्टिकोण से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। एयरपोर्ट परिसर में बैरिकेडिंग, वाहन जांच और वीआईपी मूवमेंट को लेकर विशेष तैयारी की जा रही है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
दरभंगा एम्स की करेंगे समीक्षा
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री दरभंगा एम्स निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करेंगे। साथ ही निर्माण कार्य को तेज गति से आगे बढ़ाने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे सकते हैं। सीएम सम्राट के साथ इस दौरान दरभंगा के सांसद गोपाल जी ठाकुर, कई मंत्री, विधायक तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों के भी मौजूद रहने की संभावना है। बताया जा रहा है कि समीक्षा बैठक और कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री दरभंगा एयरपोर्ट से ही वापस रवाना हो सकते हैं।
डीएमसीएच का लेंगे जायजा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एम्स निर्माण के साथ-साथ दरभंगा एयरपोर्ट निर्माण कार्य की समीक्षा भी करेंगे। इसके अलावा वे दरभंगा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में बन रहे 1700 बेड वाले नए अस्पताल परियोजना की प्रगति का जायजा लेंगे।