न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क: सारण जिले के अमनौर थाना अंतर्गत स्टेट हाईवे-73 पर बीती रात एक ऐसी हृदयविदारक घटना घटी, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। जिस घर में दो दिन बाद शहनाइयां बजने वाली थीं और बहन की विदाई की तैयारी चल रही थी, वहां अब अपनों की चीख-पुकार और मातम का सन्नाटा पसरा है। एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 21 वर्षीय होनहार युवक पवन कुमार की जान चली गई।
हादसे ने उजाड़ दी घर की रौनक
मढ़ौरा नगर के तकीना (वार्ड-02) निवासी अनिल कुमार सिंह का छोटा बेटा पवन प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। परिजनों ने बताया कि आगामी 12 मई को पवन की चचेरी बहन का विवाह तय था। पूरा परिवार उत्साह के साथ शादी के काम निपटाने में लगा था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। पवन की असमय मौत ने परिवार की खुशियों को गहरे शोक में डुबो दिया है।
तिलक से लौटते वक्त रास्ते में खड़ा था 'काल'
जानकारी के अनुसार, पवन अपने चाचा और एक ग्रामीण के साथ सोनहो के शोभे परसा गाँव में आयोजित एक तिलक समारोह में शामिल होने गया था। देर रात बाइक से लौटते समय उन्होंने पेट्रोल भरवाने के लिए ढोरलाही स्थित एक पंप पर गाड़ी रोकी, लेकिन तेल न मिलने पर वे आगे बढ़ गए। इसी दौरान, सोनहो भारत पेट्रोल पंप के समीप पवन सड़क किनारे बाइक रोककर अपने साथियों का इंतजार करने लगा। तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
अस्पताल ले जाने के दौरान थम गई सांसें
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पवन गंभीर रूप से जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमनौर ले जाया गया, परंतु चिकित्सकों ने जाँच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है।
गाँव में पसरा सन्नाटा, गमगीन हुई विदाई
पोस्टमार्टम के बाद जब पवन का पार्थिव शरीर उसके पैतृक गाँव तकीना पहुँचा, तो हर आंख नम हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि पवन न केवल मेधावी था, बल्कि अपने मृदु व्यवहार के कारण सबका प्रिय था। जिस आँगन में बहन की शादी के गीत गाए जाने थे, वहां अब भाई के जाने का विलाप गूँज रहा है। स्थानीय पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के जरिए फरार वाहन की तलाश में जुटी है।