न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
अभिषेक राज/ गया: गया में बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की परीक्षा के दौरान हाईटेक नकल का एक और मामला सामने आया है। सोमवार को सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी पद के लिए आयोजित परीक्षा में स्वराजपुरी रोड स्थित महावीर इंटर कॉलेज केंद्र से दो महिला अभ्यर्थियों को संदिग्ध हालत में पकड़ा गया।
छिपाकर रखा था ब्लूटूथ
जांच के दौरान एक अभ्यर्थी के पास ब्लूटूथ डिवाइस मिला, जिसे कथित तौर पर छिपाकर रखा गया था, जबकि दूसरी के पास से उत्तर लिखी हुई पर्ची बरामद की गई है। दोनों के खिलाफ कोतवाली थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है।
इस केंद्र पर पहले भी नकल का खुलासा
पकड़ी गई एक अभ्यर्थी नवादा की निवासी बताई जा रही है, जो परीक्षा देने के लिए बाहर से आई थी। गौरतलब है कि इसी केंद्र पर इससे पहले भी ब्लूटूथ के माध्यम से नकल का मामला सामने आ चुका है, जिससे परीक्षा की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लगातार सामने आ रहे मामलों को देखते हुए पुलिस अब संभावित सॉल्वर गैंग या संगठित नेटवर्क की जांच में जुटी है। प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और सख्ती बढ़ाने के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।