न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क: बिहार इस समय मौसम के दो चरम रूपों का सामना कर रहा है। राज्य का दक्षिणी हिस्सा सूखी और गर्म पछुआ हवाओं की चपेट में है, जिससे पूरा इलाका भट्टी की तरह तप रहा है। इसके ठीक विपरीत, उत्तर बिहार में नमी वाली हवाओं के चलते मौसम काफी राहत भरा बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के मुताबिक, अगले 24 घंटों तक राजधानी पटना समेत दक्षिण बिहार के जिलों में मौसम बेहद गर्म और शुष्क रहने का अनुमान है।
औरंगाबाद, भभुआ और बक्सर में 'लोकलुभावन' नहीं, जानलेवा लू की चेतावनी
मौसम विभाग ने दक्षिण बिहार के तीन जिलों—औरंगाबाद, भभुआ और बक्सर में भीषण लू (Heat Wave) को लेकर अलर्ट जारी किया है। यहाँ रहने वाले लोगों को दोपहर में खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। दूसरी तरफ, उत्तर बिहार के पांच जिलों—अररिया, कटिहार, किशनगंज, पूर्णिया और सुपौल में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। इन इलाकों में घने बादल छाए रहने के साथ-साथ तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि, राहत की बात यह है कि आगामी 48 घंटों के बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है।
डेहरी 45.1 डिग्री के साथ सबसे गर्म, पटना में पारा 41 पार
शनिवार को प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों में पारे में उछाल देखा गया। राजधानी पटना समेत कई इलाके भीषण गर्मी और लू की चपेट में रहे। पटना में इस सीजन में तीसरी बार पारा 40 के पार जाते हुए 41.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं, पूरे राज्य में डेहरी सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान रिकॉर्ड 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वर्तमान में पटना सहित सूबे के 13 मुख्य शहरों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर बना हुआ है।
उत्तर बिहार में जमकर बरसे बादल, पूर्णिया के बैसा में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों में जहां दक्षिण बिहार गर्मी से बेहाल रहा, वहीं उत्तर बिहार के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बरसात पूर्णिया के बैसा में हुई, जहाँ 68.8 मिलीमीटर पानी गिरा।
प्रमुख क्षेत्रों में दर्ज की गई बारिश (मिलीमीटर में):
-
अररिया: फारबिसगंज में 63.4, नरपतगंज में 50.2, मुख्य शहर में 31.4 और सिकटी में 29.0
-
पूर्णिया: कस्बा में 49.4, अमौर में 42.6, जलालगढ़ में 19.0 और मुख्य शहर में 3.4
-
कटिहार: मुख्य शहर में 28.5, कदवा में 7.2 और आजमनगर में 3.2
-
किशनगंज: पोठिया में 18.4, बहादुरगंज में 15.4 और दिघलबैंक में 8.2
-
जहानबाद व अन्य: घोसी और जमुई के चकाई में 12.8, राजगीर में 12.0, जहानाबाद शहर में 6.0 और नवादा के हिसुआ में 5.2
-
हल्की बारिश वाले क्षेत्र: सुपौल के प्रतापगंज में 3.6, राघोपुर, अररिया के रानीगंज और जहानाबाद के हुलासगंज में 3.2, जबकि अरवल के करपी में 2.8