न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने पेट्रोल डीजल की कीमतों में वृद्धि के आरोप पर कांग्रेस द्वारा बार बार भारत सरकार के खिलाफ बयानबाजी पर पलटवार किया है. आदित्य साहू ने कहा कि आज पूरा विश्व वैश्विक संकट से जूझ रहा है. यह सर्वविदित है कि भारत में ना पेट्रोल का कुंआ है और ना डीजल का. लगभग 115 देशों में मूल्य वृद्धि हुई है. कांग्रेस को पहले भारत के अगल-बगल के देश में हुई वृद्धि का आकलन करना चाहिए, फिर भारत सरकार पर दोषारोपण करनी चाहिए. कांग्रेस का महंगाई पर रोना धोना केवल राजनीतिक ड्रामा है.
साथ ही उन्होंने कहा कि भारत के अंदर ही कांग्रेस पार्टी को अपने और अपनी सहयोगी दलों के शासन वाले राज्यों पर भी नज़र डालनी चाहिए. तेलंगाना में 118.30 रुपये, केरल 114.90 रुपए, कर्नाटक में 110.30 रुपए प्रति लीटर पेट्रोल है. यह बतलाने की जरूरत नहीं कि यहां किसका शासन है. बावजूद कांग्रेस द्वारा महंगाई पर बयानबाजी समझ से परे है. जहां तक झारखंड की बात है झारखंड सरकार द्वारा भी 22% अधिक वैट वसूला जाता है और साथ ही ₹1 प्रति लीटर सेस भी लिया जाता है. कांग्रेस शासित राज्य या झारखंड सरकार अपने राज्यों में वैट कम क्यों नहीं करती ?
आदित्य साहू ने कहा कि आज जो भी स्थिति है यह कांग्रेस की देन है. कांग्रेस के सरकार के समय से पहले केंद्र सरकार क्राइसिस को कंट्रोल करती थी. उदारीकरण के दौर में कांग्रेस ने यह हक ऑयल कंपनियों को दे दिया. अभी भी भारत में लगभग 7% की ही वृद्धि हुई है. जबकि दूसरे देशों हुई वृद्धि पर एक नजर इन्हें डाल लेनी चाहिए. बाजार में काफी उतार चढ़ाव के बाद भी 4 वर्षों से पेट्रोल डीजल की कीमत भारत में यथावत थी. कई देशों में तो राशनिंग शुरू हो गई, दूसरे देशों में स्कूल तक बंद कर दिया गया. जबकि भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों के कारण महंगाई पर बहुत हद तक नियंत्रण है. कांग्रेस की बयानबाजी केवल राजनीति से प्रेरित है. यह राजनीतिक नौटंकी की पराकाष्ठा के सिवाय कुछ नहीं है.
यह भी पढ़ें- लोहरदगा में हुई JMM केंद्रीय सदस्यों - जिला स्तर - बूथ स्तर तक के पदाधिकारियों एवं BLA की बैठक