न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
रोहित / पटना: बिहार में इन दिनों गर्मी और बदले मौसम का दोहरा असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने आज पूरे प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताई है साथ ही 19 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। जिन जिलों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है, उनमें पूर्वी व पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सीतामढ़ी, शिवहर, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, अररिया, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज शामिल हैं। इन जिलों में मेघ गर्जन के साथ भारी बारिश और बिजली गिरने की भी आशंका है।
कैसा रहेगा अगला 5 दिन
मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 दिनों तक राज्य में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चल सकती है। साथ ही तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की भी संभावना है।
मौसम विभाग की चेतावनी
अगले 48 से 72 घंटों के दौरान बिहार का मौसम काफी अस्थिर रहने वाला है। दिन के समय तेज धूप और गर्मी की स्थिति बनी रहेगी, वहीं, शाम होते-होते अचानक बादलों की आवाजाही और आंधी-पानी के आसार बढ़ जाएंगे। विभाग ने चेतावनी दी है कि शाम में मौसम बदलने पर आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान वे खुले स्थानों या पेड़ों के नीचे शरण न लें और पक्के मकानों के अंदर रहें।