न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
पटना - पटना से बड़ी प्रशासनिक खबर सामने आई है। बिहार सरकार ने पुलिस विभाग में व्यापक स्तर पर बदलाव करते हुए डीएसपी रैंक के 61 अधिकारियों का ट्रांसफर कर दिया है। गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। इस फेरबदल के जरिए सरकार ने कई जिलों में नई पुलिस टीम तैयार करने की कोशिश की है, ताकि कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाया जा सके।
हाईलाइट्स-
- बिहार में डीएसपी स्तर पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल
- 61 पुलिस अधिकारियों को मिली नई तैनाती
- साइबर क्राइम और निगरानी शाखाओं में बदलाव
- गृह विभाग की अधिसूचना के बाद महकमे में हलचल
जिलों से मुख्यालय तक बदले कई चेहरे
नई सूची के मुताबिक, बिहारशरीफ में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के पद पर कार्यरत नूरूल हक को पटना मुख्यालय बुलाया गया है। अब वे सहायक पुलिस महानिरीक्षक (निरीक्षण) के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं कहलगांव के एसडीपीओ पंकज कुमार को विशेष निगरानी इकाई, पटना में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। सरकार ने कई अनुभवी अधिकारियों को महत्वपूर्ण शाखाओं में तैनात कर प्रशासनिक व्यवस्था को और चुस्त बनाने का संकेत दिया है।
साइबर अपराध और जांच इकाइयों पर सरकार का जोर
इस फेरबदल में साइबर अपराध नियंत्रण और अनुसंधान शाखाओं को भी खास प्राथमिकता दी गई है। सोनपुर के एसडीपीओ प्रितीश कुमार को मोतिहारी में साइबर क्राइम शाखा का अपर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं अपराध अनुसंधान विभाग, पटना में तैनात मो. नेसार अहमद शाह को मधेपुरा भेजा गया है, जहां वे एएसपी की भूमिका निभाएंगे। माना जा रहा है कि राज्य सरकार अब तकनीकी अपराधों और विशेष जांच तंत्र को मजबूत करने पर ज्यादा फोकस कर रही है।
इसे भी पढ़ें - बिहार में शुरु होगा सहयोग मॉडल, गांव की चौपाल से सीधे सिस्टम तक, अब 30 दिन में होगा समस्याओं का समाधान