न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत आरा-पटना हाईवे पर इंदू तपेश्वर महिला कॉलेज के निकट सोमवार की सुबह एक तेज रफ्तार स्कूल बस ने बाइक सवार एएसआई को रौंद दिया। हादसे में एएसआई की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक राजीव रंजन सिंह (42) भोजपुर जिले के आयर थाना क्षेत्र के बलिगांव गांव निवासी रामलायक सिंह के पुत्र थे। वे वर्तमान में स्पेशल ब्रांच, पटना में कार्यरत थे।
घटना के बाद चालक फरार
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्कूल बस को जब्त कर लिया। हालांकि, चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बस का अनियंत्रित परिचालन बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, आरा भेजा गया है। में कराया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, राजीव रंजन सिंह उर्फ गोल्डी सिंह के बाबा का एक सप्ताह पूर्व निधन हो गया था। इसे लेकर वे अपने पैतृक गांव बलिगांव आए हुए थे।
ड्यूटी पर जा रहे थे पटना
सोमवार की सुबह गांव से ड्यूटी के लिए बाइक से पटना जा रहे थे। इसी दौरान बाइपास रोड स्थित इंदू तपेश्वर महिला कालेज के समीप तेज रफ्तार निजी स्कूल बस ने मोटरसाइकिल सवार एएसआई को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एएसआई सड़क पर काफी दूर तक घिसटते चले गए और गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल एएसआई को उठाकर आनन-फानन में सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।