न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: पश्चिमी चम्पारण जिले के बेतिया के गौनाहा प्रखंड में बीती रात भीषण आग ने तांडव मचाया। बेलवा पंचायत स्थित मुरली भरहवा गांव में रात करीब 2 बजे अचानक लगी आग से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आकर भिखु शर्मा के पुत्र ध्रुप शर्मा का घर पूरी तरह जलकर राख हो गया। घर में रखा अनाज, कपड़ा, बर्तन और सभी सामान जलकर खाक हो गये।
8 से अधिक बकरियां जिंदा जलीं
हादसे में 8 से अधिक बकरियां समेत आधा दर्जन से ज्यादा मवेशी जिंदा जल गए। अचानक लगी आग से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक सब कुछ जल चुका था।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
फिलहाल बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। सही कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा।
मुआवजे की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और त्वरित राहत देने की मांग की है। हादसे के बाद परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।