न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
अश्मित सिन्हा (संवाददाता) / पटना : गोपालपुर थाना क्षेत्र के जोल बीघा में 13 मई 2026 बुधवार को हथियार के बल पर CMS सिक्योरिटी वैन से 27 लाख रुपया लूटने वाला अपराधी मंगलवार की सुबह पुलिस एनकाउंटर में घायल हो गया। वहीं पुलिस ने उसके अन्य साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना गोपालपुर थाना क्षेत्र के उदयनी गांव के नजदीक की बतायी जा रही है।
अस्पताल में भर्ती अपराधी
घायल अपराधी को इलाज के लिए पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से अपराधियों के मोटरसाइकिल और गोली के कई खोखे बरामद किए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरीय पदाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गार्ड को भय दिखाकर लूट
मिली जानकारी के अनुसार 13 मई को दिनदहाड़े पांच की संख्या में आए मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने हथियार के बल पर सीएमएस सिक्योरिटी वैन से 27 लाख रुपए लूट लिए थे। विरोध करने पर अपराधियों ने गार्ड को हथियार का भय दिखाकर गोली मारने की धमकी दी थी। इसके बाद पांचो अपराधियों ने वैन में रखे गए 27 लाख रुपए से भरा बक्सा लूट कर मौके से फरार हो गए थे।
गुप्त सूचना पर छापेमारी
भागने के क्रम में अपराधियों ने घटनास्थल से लगभग तीन किलोमीटर की दूरी पर रूपये से भरे बक्सा को एक खेत में फेंक दिया था। घटना के बाद पुलिस एक टीम बनाकर अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में पुलिस को मंगलवार की अहले सुबह सूचना मिली कि कुछ अपराधी गोपालपुर थाना क्षेत्र के उदयिनी गांव में जमा हुए हैं, जिसमें सिक्योरिटी वैन से 27 लाख रुपए लूटने वाले अपराधी भी शामिल है। सूचना मिलते ही पुलिस के द्वारा अपराधियों की घेराबंदी की गई। बताया जा रहा है कि पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी अपराधियों पर गोली चलाई, जिसमें एक अपराधी के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। जबकि अन्य चार अपराधियों को पुलिस ने खदेड़कर पकड़ लिया। पुलिस गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ कर रही है।
चार अपराधी गिरफ्तार
इस संबंध में पटना के सीनियर एसपी कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि 27 लाख रुपए की लूट मामले में कुल चार अपराधी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस द्वारा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की गई इस दौरान अपराधियों ने फायरिंग शुरू की। तब पुलिस ने आत्मरक्षा करते हुए अपराधियों पर फायरिंग की इस दौरान एक अपराधी के पैर में गोली लगी है। लूट मामले में 5 लाख रिकवर किए गए हैं।