न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
अश्मित सिन्हा (संवाददाता) / पटना: पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक सरकारी स्कूल के शिक्षक को गोली मार दी गई। यह घटना नेशनल हाईवे स्थित नरल पेट्रोल पंप के पास मिश्रा वैली स्कूल के पास घटी है। घायल शिक्षक की पहचान शंभू कुमार (48) के रूप में हुई है। वे नालंदा के प्राथमिक विद्यालय गोपालपुर चंडी में पदस्थापित हैं।
स्कूल जाने के दौरान बदमाशों ने घेरा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शंभू कुमार बुधवार सुबह अपने घर से स्कूल जाने के लिए निकले थे। वह नेशनल हाईवे पर पैदल वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो अपराधी उनके पास पहुंचे और उनसे बैग तथा मोबाइल लूटने का प्रयास करने लगे। साथी शिक्षिका बिना कुमारी ने पूरी वारदात बताई है।
विरोध करने पर मारी गोली
जब शिक्षक शंभू कुमार ने इसका विरोध किया, तो अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। गोली उनके गले के नीचे लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद अपराधी उनका मोबाइल और बैग लूटकर मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों की लगी भीड़
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल शिक्षक को इलाज के लिए एक निजी नर्सिंग होम में पहुंचाया।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही अगमकुआं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। अगमकुआं थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला लूटपाट का प्रतीत होता है। अपराधियों ने शिक्षक से बैग और मोबाइल छीनने का प्रयास किया था, और विरोध करने पर उन्हें गोली मार दी गई। पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि सुबह के समय भी नेशनल हाईवे पर अपराधी बेखौफ होकर ऐसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।