न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क(संजय कुमार, बेगूसराय) बेगूसराय जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ जमीन के एक टुकड़े को लेकर चल रही रंजिश ने सोमवार को खूनी रूप अख्तियार कर लिया। चमथा रैली वार्ड संख्या 14 में दिनदहाड़े पहुंचे करीब आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर पूरे इलाके को थर्रा दिया। इस खूनी संघर्ष में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका सगा भाई जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
तीन बीघा जमीन के लिए पहले भी गूंजी थीं गोलियां
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, रामजी राय और प्रमोदी राय के परिवारों के बीच लगभग तीन बीघा जमीन के मालिकाना हक को लेकर लंबे समय से तनाव चल रहा था। परिजनों की मानें तो इस विवाद की आग पहले भी दियारा इलाके में गोलीबारी के रूप में सामने आ चुकी थी। आरोप है कि इसी रंजिश के तहत दूसरे पक्ष ने साजिश रचकर बाहर से पेशेवर अपराधियों को बुलाया और सोमवार दोपहर करीब 1:00 बजे इस बड़ी वारदात को अंजाम दे डाला।
डायल 112 की मौजूदगी में बरसीं गोलियां
इस पूरी घटना का सबसे हैरान करने वाला पहलू पुलिस की मौजूदगी का है। परिजनों का गंभीर आरोप है कि जब वारदात हुई, तब डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर मौजूद थी, लेकिन बेखौफ बदमाशों ने पुलिस के सामने ही ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। हमलावरों की एक गोली अजीत राय के गले को पार कर गई, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं अपराधियों की दूसरी गोली का शिकार उनका भाई दीपक राय हुआ, जो गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
इलाके में पसरा सन्नाटा, पुलिस के सामने खुली कानून व्यवस्था की पोल
दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद चमथा रैली गांव में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल है। परिजनों ने प्रमोदी राय पर आपराधिक प्रवृत्ति का होने और कत्ल की साजिश रचने का सीधा आरोप लगाया है। वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है। घटना के बाद से मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है।
तफ्तीश में जुटी पुलिस: अपराधियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी शुरू
जमीन के टुकड़े के लिए पुलिस के सामने हुई इस हत्या ने कानून व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बेगूसराय हेडक्वार्टर डीएसपी निखिल कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प और गोलीबारी हुई है। पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।