न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
शंभू भगत/ भागलपुर: भागलपुर विक्रमशिला पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद आवागमन के लिए बनाए गए बेली ब्रिज पर आज रात 12 बजे से परिचालन बंद हो जाएगा। करीब तीन महीने तक बेली ब्रिज पर वाहनों की आवाजाही बंद रहने के दौरान भागलपुर और नवगछिया के बीच आवागमन के लिए अब जलमार्ग का सहारा लिया जाएगा।
प्रशासन ने इसके लिए 12 जहाजों की व्यवस्था की है बेली ब्रिज पर परिचालन बंद होने और कल सुबह से शुरू होने वाली जहाज सेवा की तैयारियों का भागलपुर की जिलाधिकारी अलंक्रिता पांडे और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने संबंधित अधिकारियों के साथ औचक निरीक्षण कर जायजा लिया।
अधिकारियों ने यात्रियों के लिए बनाए गए इंतजाम, सुरक्षा व्यवस्था, टिकट काउंटर, कतार व्यवस्था और जहाज पर चढ़ने की प्रक्रिया की जानकारी ली। कल सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक भागलपुर और नवगछिया के बीच जहाजों का परिचालन किया जाएगा। भागलपुर की ओर से जहाज सेवा बियाडा क्षेत्र में एफएम मॉल के बगल से संचालित होगी।
यात्रियों को टिकट लेने के बाद निर्धारित कतार में खड़ा होना होगा और क्रमवार तरीके से जहाज पर सवार कराया जाएगा। प्रशासन की ओर से यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। जहाज परिचालन वाले स्थान पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी, ताकि भीड़ को नियंत्रित करने के साथ यातायात व्यवस्था को भी व्यवस्थित रखा जा सके।
किसी तरह की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेडिकल कैंप भी बनाया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए रसोई दीदी का किचन भी संचालित किया जाएगा। प्रशासन का प्रयास है कि बेली ब्रिज बंद रहने के दौरान भागलपुर और नवगछिया के बीच आवागमन करने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
वहीं बड़ी और मालवाहक गाड़ियों के लिए अलग व्यवस्था की गई है। बाबूपुर मोड़ से कार्गो जहाज का परिचालन किया जाएगा, जिसके माध्यम से मालवाहक और बड़ी गाड़ियों को नदी पार कराया जाएगा। इससे आवश्यक सामान की आवाजाही जारी रखने में मदद मिलेगी जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था को व्यवस्थित और सुरक्षित रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए प्रशासन की पूरी टीम जहाज परिचालन पर नजर रखेगी।
आज रात 12 बजे से बेली ब्रिज पर परिचालन थम जाएगा और कल सुबह 6 बजे से जहाज सेवा शुरू हो जाएगी। अगले करीब तीन महीने तक भागलपुर-नवगछिया के बीच आवागमन में यही वैकल्पिक व्यवस्था लोगों के लिए महत्वपूर्ण माध्यम रहेगी