न्यूज 11 भारत/
शंभू भगत/भागलपुर: भागलपुर नाथनगर थाना पुलिस ने भुआलपुर में नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 9.3 किलो गांजा और 81,400 रुपए नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से इंदु देवी (पति फंटूस मंडल) को गिरफ्तार किया है।
वहीं, पुलिस की घेराबंदी के बावजूद उसका पति फंटूस मंडल उर्फ धर्मेंद्र मंडल और साधु मंडल उर्फ निपेंद्र मंडल फरार हो गए। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। गुप्त सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष परमेश्वर साहनी के नेतृत्व में विशेष टीम ने भुआलपुर स्थित आरोपियों के घर और दुकान पर एक साथ दबिश दी।
टीम में पुलिस अवर निरीक्षक विकास कुमार, पवन कुमार, पीएसआई मो. मुख्तार समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे पुलिस के पहुंचते ही दोनों आरोपी आहट पाकर भाग निकले इसके बाद टीम ने घर और दुकान की तलाशी ली, जहां से गांजा और बिक्री से जुटाई गई नकदी बरामद हुई।
पुलिस ने जब्त गांजा और नकदी को कब्जे में लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। गिरफ्तार इंदु देवी से पूछताछ कर गांजा तस्करी से जुड़े सप्लायर और खरीदारों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन इलाकों में की जाती थी। फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।