न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: बिहार के अररिया जिले से एक दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहाँ मामूली कहासुनी ने दो परिवारों को तबाह कर दिया। फारबिसगंज के सुभाष चौक पर दिनदहाड़े एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई, जिसके बाद आक्रोशित भीड़ ने 'ऑन द स्पॉट' इंसाफ करते हुए आरोपी को भी मौत के घाट उतार दिया। इस डबल मर्डर से पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।
सत्तू के पैसे या मामूली विवाद? बीच सड़क पर सिर किया अलग
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे फारबिसगंज स्थित मार्केटिंग यार्ड के पास पिकअप ड्राइवर अली हुसैन (40) और सत्तू विक्रेता रवि चौहान (30) के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बहस इतनी बढ़ गई कि रवि ने आवेश में आकर अली हुसैन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया और सरेआम उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। मृतक अली हुसैन जोगबनी के अमोना गांव का निवासी था।
भीड़ का फूटा गुस्सा: घर में घुसकर आरोपी को उतारा मौत के घाट
अली हुसैन की नृशंस हत्या के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। खून से सनी सड़क देख लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुँच गया। हत्या के बाद आरोपी रवि चौहान एक पास के घर में छिप गया था, लेकिन उग्र भीड़ ने उसे ढूंढ निकाला। गुस्साई भीड़ ने रवि को पकड़कर उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रवि चौहान फारबिसगंज के सुल्तान पोखर का रहने वाला था।
पुलिस छावनी में तब्दील हुआ इलाका, जांच में जुटी टीमें
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची, लेकिन स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कई थानों की अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाना पड़ा। फारबिसगंज के एसपी जितेंद्र कुमार ने घटनास्थल का जायजा लिया और बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
शांति बनाए रखने की अपील
इस दोहरे हत्याकांड के बाद फारबिसगंज और आसपास के क्षेत्रों में भारी तनाव व्याप्त है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। एहतियात के तौर पर प्रभावित इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।