न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क: बिहार की सियासत में इन दिनों एक नया चेहरा सबसे अधिक चर्चा में है—निशांत कुमार। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार स्वास्थ्य मंत्री जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। मंत्री पद की शपथ लेने के बाद से ही उनके आवास पर गणमान्य लोगों का तांता लगा हुआ है। इसी क्रम में भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने उनसे मुलाकात कर सबको चौंका दिया है।
सियासत और ग्लैमर का मेल: अक्षरा सिंह ने दी बधाई
हाल ही में 'जन सुराज' के मंच पर सक्रिय रहने वाली अक्षरा सिंह का निशांत कुमार के आवास पर पहुंचना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। अक्षरा ने नए स्वास्थ्य मंत्री को गुलदस्ता भेंट किया और मिठाई खिलाकर उनके नए सफर के लिए शुभकामनाएं दीं। इस मुलाकात के दौरान दोनों के बीच काफी सहज बातचीत देखी गई, जिसकी तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
सिर्फ शिष्टाचार नहीं, कला और संस्कृति पर भी हुई चर्चा
खुद मंत्री निशांत कुमार ने इस मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह केवल एक औपचारिक भेंट नहीं थी। उन्होंने लिखा कि अक्षरा सिंह के साथ बिहार की तरक्की और खास तौर पर क्षेत्रीय सिनेमा (भोजपुरी, मैथिली, मगही) को बढ़ावा देने पर सार्थक चर्चा हुई। सरकार का लक्ष्य बिहार की कला और कलाकारों को एक बेहतर प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराना है।
कैबिनेट विस्तार के आखिरी पलों में निशांत कुमार को शामिल किया जाना यह साफ संकेत देता है कि जेडीयू और बिहार सरकार में उनका कद काफी बढ़ चुका है। सम्राट चौधरी सरकार में स्वास्थ्य विभाग जैसा भारी-भरकम मंत्रालय मिलना उनके प्रति भरोसे को दर्शाता है। अक्षरा सिंह जैसी हस्तियों का उनसे मिलना यह साबित करता है कि अब निशांत कुमार बिहार की राजनीति के नए केंद्र बिंदु बन चुके हैं।