न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क( अश्मित, पटना) बिहार की सत्ता के गलियारों में इस वक्त भारी हलचल है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद अब 'अगला कौन?' के सवाल पर मुहर लगने वाली है। रविवार को उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक बार फिर मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर नीतीश कुमार से मुलाकात की। महज एक दिन के भीतर इन दोनों बड़े नेताओं की दूसरी मुलाकात ने साफ कर दिया है कि बिहार में नई सरकार के गठन की स्क्रिप्ट तैयार हो चुकी है।
करीब 25 मिनट तक हुई नीतीश-सम्राट की मुलाकात
रविवार की दोपहर सीएम हाउस में हुई यह मुलाकात करीब 25 मिनट तक चली। इस बैठक में सम्राट चौधरी के साथ मंत्री विजय चौधरी और सांसद देवेश चंद्र ठाकुर भी मौजूद रहे। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में केवल मुख्यमंत्री के चेहरे पर ही नहीं, बल्कि नई कैबिनेट के स्वरूप और विभागों के बंटवारे पर भी गंभीर चर्चा हुई है। बैठक के बाद जब नेता बाहर निकले, तो उनके चेहरों की मुस्कान ने बहुत कुछ बयां कर दिया।
"भाजपा की पसंद ही होगा नया CM"- विजय चौधरी
जेडीयू के वरिष्ठ नेता विजय चौधरी ने मीडिया से बात करते हुए एक बड़ी बात कही। उन्होंने साफ लहजे में कहा, "नई सरकार के गठन की प्रक्रिया अब शुरू होने वाली है। मुख्यमंत्री का चेहरा भाजपा को तय करना है। भाजपा जिस नाम की अनुशंसा करेगी, उसी पर एनडीए विधायक दल की बैठक में मुहर लगाई जाएगी।" उनके इस बयान ने यह स्पष्ट कर दिया है कि गठबंधन में अब 'ड्राइविंग सीट' पर भाजपा आ चुकी है।
पटना से दिल्ली तक बैठकों का दौर
एक तरफ जहां जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और विजय चौधरी मुख्यमंत्री के साथ लगातार संपर्क में हैं, वहीं दूसरी तरफ भाजपा ने भी अपनी रणनीति तेज कर दी है। बिहार भाजपा के प्रभारी विनोद तावड़े की मौजूदगी में पार्टी की आंतरिक बैठक होनी है। माना जा रहा है कि दिल्ली से हरी झंडी मिलते ही एनडीए विधायक दल की साझा बैठक बुलाई जाएगी।