न्यूज11 भारत
यह भी पढ़ें/डेस्क: बसिया थाना क्षेत्र में रविवार का दिन हादसों के नाम रहा. महज आधे घंटे के भीतर क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर पांच सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें कुल 8 लोग घायल हो गए. इन हादसों ने जहाँ सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, वहीं स्वास्थ्य विभाग की पोल भी खोल दी है.
भीषण टक्कर: बोलेरो ने टेलर को मारी सीधी टक्कर
पहली और सबसे भीषण दुर्घटना कोनबीर नवाटोली में हुई. मिली जानकारी के अनुसार, कामडारा की ओर से आ रही एक बोलेरो अनियंत्रित होकर विपरीत दिशा में चली गई और सामने से आ रहे एक टेलर को सीधी टक्कर मार दी. इस हादसे में बोलेरो सवार पांच लोग घायल हो गए. घायलों की पहचान इस प्रकार है -
- रवि नायक (23 वर्ष): निवासी किन्दिरकेला
- गंगा कुमार महतो (26 वर्ष)निवासी गुमला
- राजकिशोर नायक (28 वर्ष): निवासी बीरू, सिमडेगा
- चारकु लोहरा (38 वर्ष): निवासी किन्दिरकेला
- अजित कुमार (27 वर्ष): निवासी लौंगा (इलाज जारी)
गंभीर चोट लगने के कारण रवि, गंगा, राजकिशोर और चारकु को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया है.
सिलसिलेवार हादसों से थर्राया इलाका
दूसरा हादसा कोयल नदी पुल पर ट्रैक्टर और पिकअप के बीच आमने-सामने की भिड़ंत हुई, जिसमें ट्रैक्टर चालक को मामूली चोटें आई हैं.
तीसरा हादसा कोनबीर बैंक ऑफ इंडिया के पास सिमडेगा की ओर से आ रही स्कॉर्पियो ने मनीजर उरांव नामक व्यक्ति को धक्का मार दिया. मनीजर को मामूली चोट लगी है, जबकि स्कॉर्पियो चालक मौके से फरार हो गया.
अन्य घटनाएं सोलंगबिरा निवासी रेजिना तिर्की (58 वर्ष) और आर्या निवासी नामजन टोपनो (स्कूटी से गिरकर) भी अलग-अलग हादसों में घायल हुए.
अस्पताल की बदहाली: ड्यूटी से गायब रहे डॉक्टर
दुर्घटनाओं के बाद जब घायलों को रेफरल अस्पताल बसिया लाया गया, तो वहाँ की व्यवस्था देखकर परिजन और स्थानीय लोग दंग रह गए. पूरे अस्पताल में केवल एक आयुष डॉक्टर, डॉ. जाहिद ही तैनात थे. किसी भी एमबीबीएस डॉक्टर की उपस्थिति नहीं दिखी.
हैरानी की बात यह है कि अस्पताल से ड्यूटी चार्ट (कार्य तालिका) भी हटा दी गई है, जिससे यह पता न चल सके कि किस डॉक्टर की ड्यूटी कब है. इस संबंध में अस्पताल प्रभारी डॉ. विजय लकड़ा ने फोन पर कहा कि, "डॉ. जाहिद आयुष डॉक्टर हैं, लेकिन वे सभी का इलाज करते हैं."
"चैतू उरांव, पूर्व जिला अध्यक्ष, कांग्रेस गुमला ने कहा कि यह अस्पताल प्रबंधन की घोर लापरवाही है. इस मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से की जाए गी.
युवाओं ने पेश की मानवता की मिसाल
हादसे की सूचना मिलते ही कोनबीर के स्थानीय युवाओं ने तत्परता दिखाई. युवाओं ने न केवल घायलों को अस्पताल पहुँचाया, बल्कि अस्पताल में डॉक्टरों की कमी के बीच घायलों के प्राथमिक उपचार और अन्य कार्यों में स्वास्थ्य कर्मियों का भरपूर सहयोग किया.
बसिया कोयल नदी में सड़क हादसे के कारण पुल के दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतारे लग गई है करीब एक घंटा से रांची सिमडेगा मुख्य मार्ग जाम है. बसिया पुलिस प्रशासन के द्वारा युद्ध स्तर रांची सिमडेगा मुख्य मार्ग का जाम हटाने के लिए कार्य किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: चैनपुर के कुरुमगढ क्षेत्र में पत्थर से कुचलकर अज्ञात पुरुष की हत्या, सिविल गांव में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस