न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: समस्तीपुर जिले में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों को सौर ऊर्जा से जोड़ने की दिशा में पहल तेज हो गई है। योजना के अंतर्गत जिले के 10 गांवों को मॉडल सोलर ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए सभी 20 प्रखंडों से एक-एक गांव का प्रस्ताव जिला प्रशासन के पास भेजा गया है। अब प्राप्त 20 गांवों में से 10 गांवों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। चयनित गांवों में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ घर-घर तक सोलर आधारित बिजली सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में विशेष कार्य किया जाएगा।
क्या है यह योजना
बता दें कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। इस योजना का उद्देश्य लोगों को सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराना है। योजना के तहत घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने के लिए सरकार की ओर से अनुदान दिया जाता है।
पर्यावरण संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा
एक किलोवाट से अधिक क्षमता तक के सोलर सिस्टम पर अलग-अलग दर से सब्सिडी की सुविधा उपलब्ध है। इससे उपभोक्ता अपनी बिजली की जरूरतें पूरी करने के साथ अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजकर आर्थिक लाभ भी प्राप्त कर सकते हैं। इससे बिजली बिल में कमी आने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। मॉडल सोलर ग्राम के रूप में विकसित होने वाले गांवों में लोगों को सौर ऊर्जा के प्रति जागरूक किया जाएगा। ग्रामीणों को सोलर पैनल लगाने की प्रक्रिया, अनुदान और इसके लाभों की जानकारी दी जाएगी।
ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनेंगे गांव
साथ ही सरकारी भवनों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर भी सौर ऊर्जा आधारित व्यवस्था को बढ़ावा देने की योजना बनाई गई है। जिला प्रशासन का मानना है कि इससे गांव ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनेंगे और हरित ऊर्जा का विस्तार होगा। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन गांवों में योजना का विशेष रूप से क्रियान्वयन किया जाएगा। इससे ग्रामीणों को बिजली बिल में राहत मिलने के साथ स्वच्छ ऊर्जा का लाभ मिलेगा तथा भविष्य में अन्य गांवों को भी इस योजना से जोड़ने की तैयारी की जाएगी।