न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड में मानसून के सक्रिय होने के साथ अब मौसम में ठंडक घुलने लगी है.IMD के रांची स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, राज्य के अधिकतम तापमान में आने वाले दिनों में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जाएगी. वहीं, राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है, जिसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.
अगले दो दिन में गिर सकता है तापमान
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों के भीतर झारखंड के अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी. आने वाले 48 घंटों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक नीचे जा सकता है. इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है.
22 जुलाई को बारिश और तेज हवाओं का अनुमान
आईएमडी के मुताबिक, मंगलवार 22 जुलाई को झारखंड के कुछ इलाकों में गरज के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है. साथ ही, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है. इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.
बंगाल की खाड़ी से बना निम्न दबाव झारखंड को करेगा प्रभावित
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि मानसून ट्रफ जम्मू, चंडीगढ़, वाराणसी, रांची होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैला है. इसके साथ ही 24 जुलाई को बंगाल की खाड़ी में एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिसका असर झारखंड में बारिश के रूप में दिखेगा.
21 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश
21 जुलाई 2025 तक झारखंड में औसतन 640.8 मिमी वर्षा हो चुकी है, जो सामान्य से 59% अधिक है. सिर्फ पाकुड़, गोड्डा और देवघर को छोड़कर बाकी सभी 21 जिलों में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश हुई है. सबसे अधिक वर्षा अब तक पूर्वी सिंहभूम में 1180 मिमी रिकॉर्ड की गई है.
रांची में छाए रहेंगे बादल, दिन में दो बार हो सकती है बारिश
राजधानी रांची में 22 जुलाई को आसमान में बादल छाए रहेंगे और दिन में एक या दो बार हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा.