न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
अश्मित सिन्हा ( संवाददाता ) पटना : बिहार की राजनीति में एक बार फिर बड़े बदलाव की चर्चाएं तेज हो गई हैं। भाजपा सूत्रों के हवाले से सामने आ रही जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 14 अप्रैल को अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। हालांकि इसको लेकर अभी तक किसी भी आधिकारिक स्तर पर पुष्टि नहीं की गई है।
सूत्रों के अनुसार 14 अप्रैल को एनडीए विधानमंडल दल की बैठक बुलाई जा सकती है। इस बैठक में नए नेता के चयन को लेकर निर्णय होने की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि इसी बैठक में बिहार के अगले मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लग सकती है।
सम्राट चौधरी के नाम की चर्चा तेज
भाजपा खेमे में यह चर्चा भी जोर पकड़ रही है कि सम्राट चौधरी को नया मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। हालांकि पार्टी की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। राजनीतिक गलियारों में यह भी अटकलें लगाई जा रही हैं कि नई सरकार का शपथ ग्रहण 14 अप्रैल की शाम या 15 अप्रैल को हो सकता है। यदि ऐसा होता है तो यह बिहार की राजनीति में बड़ा सियासी बदलाव माना जाएगा।
पीएम मोदी के शामिल होने की संभावना
सूत्रों का यह भी दावा है कि शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हो सकते हैं। हालांकि इसकी पुष्टि अभी तक नहीं हुई है लेकिन बिहार की सियासत में इसकी चर्चा काफी तेज हो गई है। राजनीतिक गलियारों में सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने को लेकर अब हर तस्वीर साफ होती हुई दिख रही है।
इसे भी पढ़ें - ''विरासत मजबूत, भविष्य दमदार...'' नीरज कुमार ने निशांत को बताया जेडीयू का भविष्य