पंकज कुमार/न्यूज़11 भारत
गुमला/डेस्क: घाघरा गुमला में हिंडालको कंपनी की ओर से बनाए गए सार्वजनिक प्याऊ लंबे समय से बंद पड़े हैं. आदर बाजार टांड़ और प्रसिद्ध देवाकी बाबा धाम के समीप स्थित इन प्याऊ के करीब दो वर्षों से खराब रहने की बात सामने आई है. ऐसे में बाजार पहुंचने वाले ग्रामीणों,व्यापारियों और बाबा धाम आने वाले श्रद्धालुओं को पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
सिर्फ निर्माण से पूरी नहीं होती सुविधा
सार्वजनिक सुविधा के लिए बनाए गए प्याऊ अगर लंबे समय तक चालू ही न रहे तो उनके निर्माण और रखरखाव की व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है. ग्रामीणों का कहना है कि आदर बाजार और देवकी बाबा धाम जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पेयजल की जरूरत सबसे अधिक है, लेकिन यहां बने प्याऊ ही बंद पड़े हैं.
साप्ताहिक बाजार में जुटती है बड़ी संख्या में भीड़
आदर बाजार में हर रविवार और बुधवार को साप्ताहिक बाजार लगता है. ऐसे में आसपास के गांवों के साथ दूर दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में ग्रामीण और व्यापारी पहुंचते हैं. ग्रामीणों के अनुसार बाजार में हजारों लोगों की आवाजाही होती है. इसके बावजूद सार्वजनिक प्याऊ चालू नहीं होने से लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है.
दुर्गा पूजा से पहले उठी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग
अब दुर्गा पूजा नजदीक है और बाजार व धार्मिक स्थलों पर भीड़ बढ़ने की संभावना है. ऐसे में ग्रामीणों की चिंता है कि अगर समय रहते प्याऊ नहीं चालू किए गए, तो पर्व के दौरान भी लोगों को पेयजल के लिए परेशानी उठानी पड़ सकती है.
ग्रामीणों ने हिंडालको प्रबंधन से दोनों प्याऊ की स्थिति की जांच कराने और जल्द से जल्द इनकी मरम्मत कर पेयजल सुविधा बहाल करने की मांग की है. साथ ही, लंबे समय से बंद पड़े प्याऊ के रखरखाव की व्यवस्था को लेकर भी स्थिति स्पष्ट करने की मांग की गई है.
यह भी पढ़ें: झारखंड में हत्या का केस, गुजरात में जिंदा मिली महिला; मर्डर केस का सनसनीखेज खुलासा