संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: गढ़वा जिले के केतार थाना क्षेत्र के बांसडीह से चोरी हुई बाइक को शहर थाना पुलिस ने करीब 15 घंटे के अंदर बरामद कर लिया. पुलिस ने रविवार को शहर थाना क्षेत्र के बारालोटा से बाइक बरामद करते हुए शुभम पासवान को हिरासत में लिया. शुभम बांसडीह गांव का ही रहने वाला बताया गया है. मामले में शहर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है.
शहर थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि बांसडीह निवासी दिलीप कुमार गुप्ता शनिवार रात अपनी बाइक घर के बाहर खड़ी कर सोने चले गए थे. रविवार सुबह उठने पर बाइक गायब मिली. इसके बाद उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी.
पुलिस के अनुसार, बाइक में GPS लगा हुआ था. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने GPS की मदद से बाइक की लोकेशन ट्रेस की, जो मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के बारालोटा में मिली. इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बाइक बरामद कर ली और बाइक के साथ शुभम पासवान को हिरासत में ले लिया.
पूछताछ में युवक ने पुलिस को बताया कि वह चोरी की बाइक लेकर मेदिनीनगर अपनी प्रेमिका से मिलने आया था. पुलिस अब बाइक चोरी में उसकी भूमिका समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.
इस मामले में बाइक में लगा GPS पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुआ. GPS की मदद से पुलिस चोरी के बाद कुछ ही घंटों में बाइक की लोकेशन तक पहुंच गई और उसे बरामद कर लिया.
यह भी पढ़ें: केशरदा में दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन, पिताजूड़ी टीम बनी विजेता