न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
पटना - भारतीय जनता पार्टी (BJP) की केंद्रीय चुनाव समिति ने बिहार में होने वाले विधान परिषद (MLC) उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी है। पार्टी ने इस सीट पर संगठन के पुराने और भरोसेमंद नेता सूर्य कुमार शर्मा (अरविंद शर्मा) को मैदान में उतारा है।
हाइलाइट्स-
- BJP ने बिहार MLC उपचुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किया
- सूर्य कुमार शर्मा को मिला टिकट
- मंगल पांडे की खाली सीट पर चुनाव
- दीपक प्रकाश के नाम की चर्चा पर विराम
- संगठन के पुराने और अनुभवी नेता पर पार्टी का भरोसा
मंगल पांडे की सीट पर उम्मीदवार घोषित
यह सीट पूर्व में मंत्री मंगल पांडे के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। इसी सीट पर अब BJP ने सूर्य कुमार शर्मा को उम्मीदवार बनाकर चुनावी दांव चला है।

दीपक प्रकाश के नाम की थी चर्चा
इस सीट को लेकर पहले यह कयास लगाए जा रहे थे कि उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश को विधान परिषद भेजा जा सकता है, लेकिन पार्टी ने अंततः संगठन से जुड़े चेहरे को प्राथमिकता दी।
संगठन में 40 साल का अनुभव
सूर्य कुमार शर्मा लंबे समय से पार्टी संगठन से जुड़े हुए हैं और वर्तमान में मुख्यालय प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। करीब 40 वर्षों से सक्रिय राजनीति और संगठन में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है।
वरिष्ठ नेताओं के साथ काम का अनुभव
उन्होंने वरिष्ठ नेता नवीन सिन्हा के साथ भी लंबे समय तक काम किया है और नितिन नवीन के भरोसेमंद नेताओं में गिने जाते हैं।
जातीय समीकरण पर भी नजर
भूमिहार समाज से आने वाले सूर्य कुमार शर्मा मूल रूप से अरवल जिले के रहने वाले हैं। ऐसे में BJP ने इस उम्मीदवार के जरिए सामाजिक समीकरण साधने की भी कोशिश की है।