न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: रांची जिले के मांडर थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. हरिल गांव में सड़क पर गिरे बिजली के तार की चपेट में आने से एक युवक जकारिया बडा़ गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है.
तस्वीरें मांडर थाना क्षेत्र के हरिल गांव की हैं, जहां सड़क पर गिरे बिजली के तार ने एक युवक की जान जोखिम में डाल दी. बताया जा रहा है कि बिजली का तार सड़क पर गिरा हुआ था. इसी दौरान हरिल गांव निवासी युवक रास्ते से गुजर रहा था. सड़क पर गिरे बिजली के तार पर उसकी नजर नहीं पड़ी और वह तार की चपेट में आ गया.
करंट लगने से युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण सड़क पर बिजली का तार गिरा था. यदि समय रहते तार को हटाया जाता या बिजली आपूर्ति बंद की जाती, तो यह हादसा टाला जा सकता था. फिलहाल घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से सड़क पर गिरे तारों की तत्काल जांच कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है.