न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
इन्द्रदेव/सहरसा: जिले में अवैध मादक पदार्थ, शराब निर्माण, बिक्री एवं तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिहार थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 891 लीटर कोडिनयुक्त कफ सिरप (कोरेक्स) बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
सहरसा पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 25 सितंबर 2026 को बिहार थाना पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि छोटे लाल यादव एवं गणेश यादव मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए संदिग्ध वाहन की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान 56 कार्टन में 891 लीटर कोडिनयुक्त कफ सिरप बरामद किया गया। मामले में गणेश यादव, पे. स्व. जनार्दन यादव, निवासी डोरमा वार्ड नंबर-01, थाना बिहारा को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी नारायण साह उर्फ त्रिभुवन कुमार साह, पे. स्व. गणेश साह, निवासी बिहार, थाना बिहारा को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में कांड संख्या 317/2026, दिनांक 25.09.2026 दर्ज कर संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। मामले से जुड़े फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंक की भी जांच की जा रही है, ताकि इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
पुलिस ने बताया कि कार्रवाई में शामिल टीम में पुअनि-सह-थानाध्यक्ष संजय कुमार सत्यार्थी, पुअनि आकांक्षा कुमारी, पुअनि कृष्ण कुमार, पुअनि धनंजय कुमार, पुअनि ज्योति कुमारी, परिअपुअनि राजकमल एवं सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस अधीक्षक सहरसा ने टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की बात कही है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि नशे से दूर रहें और नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।