वीरेन्द्र शर्मा/न्यूज़ 11 भारत
बरही/डेस्क: बरही प्रखंड में सर्पदंश की दो अलग-अलग घटनाओं ने सनसनी फैला दी. पहली घटना में 24 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी घटना में 40 वर्षीय व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है.
खेत में भिंडी तोड़ने के दौरान हादसा
पहली घटना गौरियाकरमा गांव की है. बताया जाता है कि सुधा देवी (24 वर्ष), पति संजय यादव अपने घर के समीप खेत में भिंडी तोड़ रही थीं. इसी दौरान जहरीले सांप ने उनके पैर में डस लिया.
काटने के बाद उन्हें अचानक तेज दर्द हुआ. परिजनों ने देखा तो पैर पर सांप के काटने के निशान थे. परिजन आनन-फानन में उन्हें नजदीकी अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, हजारीबाग भेजा गया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
मृतका अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई है. घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक का माहौल है. सूचना मिलने पर जिप प्रतिनिधि गणेश यादव, मुखिया प्रतिनिधि राजन ओम, महेश यादव, वार्ड सदस्य प्रतिनिधि प्रकाश विश्वकर्मा सहित कई ग्रामीण उनके घर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी.
करमा में युवक की हालत गंभीर
वहीं दूसरी घटना बरही प्रखंड के करमा गांव की है. यहां गोपाल यादव (40 वर्ष), पिता जगदीश यादव को सांप ने डस लिया. सर्पदंश के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी.
परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए हजारीबाग ले गए, जहां उनका इलाज चल रहा है. चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है.
यह भी पढ़ें: बाघमारा में एक बार फिर हुआ भू धंसान, लगभग कई घर हुए क्षतिग्रस्त, हादसे में दो बच्चे घायल, एक बच्चे की मौत