न्यूज 11 भारत
बोकारो/डेस्क: चंद्रपुरा से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है. चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के पश्चिम पल्ली स्थित डीवीसी आवासीय क्वार्टर में गुरुवार की शाम अज्ञात अपराधियों ने गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया. फायरिंग में डीवीसी के रिटायर्ड कर्मी नरेश सिन्हा और उनकी पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनका पुत्र रोहित सिन्हा गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल रोहित को इलाज के लिए बोकारो भेजा गया है.
बताया जा रहा है कि घटना गुरुवार शाम करीब 7 बजे की है. उस वक्त इलाके में घनघोर बारिश हो रही थी. इसी दौरान क्वार्टर नंबर HM/14 के दरवाजे पर दस्तक हुई. नरेश सिन्हा ने जैसे ही दरवाजा खोला, अज्ञात अपराधियों ने कथित तौर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोलीबारी में नरेश सिन्हा और उनकी पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका पुत्र रोहित सिन्हा गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद उसे इलाज के लिए बोकारो भेजा गया.
घटना की सूचना मिलते ही चंद्रपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कितने अपराधी शामिल थे, कितनी गोलियां चलीं और गोलीबारी के पीछे क्या वजह थी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अपराधियों की पहचान के प्रयास जारी हैं.