न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड में मौसम इन दिनों लगातार करवट बदल रहा हैं. एक ओर राज्य के कई जिलों में आज बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, वहीं दूसरी ओर रविवार से भीषण गर्मी और हीट वेव को लेकर चेतावनी जारी कर दी गई हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक झारखंड में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा.
शुक्रवार को राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज धूप और गर्मी का असर बना रहा. सबसे ज्यादा तापमान पलामू प्रमंडल में दर्ज किया गया, जहां अधिकतम पारा 42.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. इसके कारण लोगों को भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में पश्चिम बंगाल की सीमा से सटे जिलों, संताल परगना और कोल्हान क्षेत्र में आंशिक बादल छाए रहेंगे. कई जगहों पर बूंदाबांदी और हल्की बारिश हो सकती हैं. इससे इन इलाकों में तापमान में थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद हैं.
आज जिन जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है, उनमें संताल और कोल्हान क्षेत्र के जिले शामिल हैं. इसके अलावा रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद और गिरिडीह में भी छिटपुट बारिश हो सकती हैं. कुछ इलाकों में तेज हवा के साथ गरज-चमक की भी संभावना हैं.
पिछले 24 घंटे के मौसम का हाल
पिछले 24 घंटे के दौरान कोल्हान क्षेत्र में बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में हल्की गिरावट आई हैं. रांची में भी कई स्थानों पर बारिश हुई और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की खबर सामने आई. राज्य में सबसे अधिक 37.4 मिमी बारिश पश्चिमी सिंहभूम में दर्ज की गई. रामगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में भी बारिश हुई. राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन के 37.7 डिग्री से थोड़ा कम रहा. वहीं न्यूनतम तापमान करीब एक डिग्री बढ़कर 23.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया.
हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने रविवार से अगले तीन दिनों तक हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया हैं. इसका सबसे ज्यादा असर पलामू, कोल्हान और आसपास के जिलों में देखने को मिल सकता हैं. इन इलाकों में तापमान तेजी से बढ़ने और गर्म हवाएं चलने की आशंका हैं. मौसम विभाग के अनुसार, बिहार से छत्तीसगढ़ के उत्तरी हिस्से तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है, जो झारखंड से होकर गुजर रही हैं. इसी सिस्टम के कारण राज्य के कुछ हिस्सों में बादल छाने और हल्की बारिश की स्थिति बनी हुई हैं.
यह भी पढ़े: झारखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 46 IPS अधिकारियों का तबादला, कई अफसरों को मिला अतिरिक्त प्रभार