न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट मुरी द्वारा ऑपरेशन “अमानत” के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रेन में छूटे लगभग ₹5.25 लाख मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी से भरे बैग को बरामद कर उसके वास्तविक स्वामिनी को सुरक्षित लौटा दिया गया.
क्या है मामला ?
26 सितंबर को शोभा देवी, उम्र लगभग 50 वर्ष, पति सपन कुमार दत्ता, निवासी उगराम, सिल्ली, रांची, अपने पति एवं परिवार के सदस्यों के साथ ट्रेन संख्या 18427 पुरी–आनंद विहार एक्सप्रेस से यात्रा कर रही थीं. मुरी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के ठहराव के दौरान परिवार के सदस्य सामान लेकर उतर गए, लेकिन ट्रेन के रवाना होने के बाद उन्हें पता चला कि उनका एक बैग ट्रेन में ही छूट गया है. बैग में कीमती आभूषण एवं नकदी रखी थी.
सूचना मिलते ही पोस्ट कमांडर/RPF पोस्ट मुरी संजीव कुमार के निर्देश पर SI रवि शंकर, SI अश्विनी कुमार, SI एस.के. सिंह, CT अनूप कुमार, कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार एवं अन्य स्टाफ ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रेलवे कर्मचारियों के समन्वय से बैग को तलाश कर बरामद कर लिया.
जांच में बैग से 02 सोने की चेन, 01 सोने का हार, 01 जोड़ी सोने की बाली, 03 सोने की अंगूठियां, 01 सोने का छिक्का/आभूषण, 01 चांदी की वस्तु तथा ₹23,200 नकद सहित अन्य निजी सामान बरामद हुआ, जिसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹5,25,000 थी.
आवश्यक पहचान एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद बरामद सामान को श्रीमती शोभा देवी को सुरक्षित सुपुर्द कर दिया गया. सामान वापस मिलने पर यात्री एवं उनके परिजनों ने RPF पोस्ट मुरी के अधिकारियों एवं जवानों के प्रति आभार व्यक्त किया. RPF की इस कार्रवाई से यात्रियों के सामान की सुरक्षा के प्रति बल की तत्परता, सजगता एवं यात्री-मित्रवत कार्यशैली प्रदर्शित होती है.