प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: पलामू टाइगर रिजर्व (पीटीआर) के अंतर्गत बेतला नेशनल पार्क में पांच जंगली चीतलों के अवैध शिकार के मामले में वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. घटना 27 सितंबर 2026 की बताई जा रही है. मामले में कुल सात शिकारियों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है. इनमें चार अन्य आरोपित फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए वन विभाग की टीम छापेमारी कर रही है. जानकारी के अनुसार, बेतला नेशनल पार्क के भीतर पांच चीतलों के अवैध शिकार की सूचना मिलने के बाद पलामू टाइगर रिजर्व के उत्तरी प्रमंडल के उपनिदेशक प्रजेश कांत जेना के नेतृत्व में वनकर्मियों की विशेष टीम गठित की गई. टीम ने सघन छापेमारी अभियान चलाते हुए घेराबंदी कर तीन नामजद आरोपितों को गिरफ्तार किया.
गिरफ्तार आरोपितों में मुरू गांव निवासी संतोष सिंह (37 वर्ष), पिता पच्चू सिंह, सुरेंद्र राम (38 वर्ष), पिता जागीर राम तथा सीताराम सिंह (25 वर्ष), पिता अज्ञात शामिल हैं.वन विभाग ने तीनों आरोपितों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की संबंधित गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. इसके बाद सभी आरोपितों को लातेहार न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.इधर, घटना में शामिल चार अन्य आरोपित फरार बताए जा रहे हैं. उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए वन विभाग की विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं.
बेतला नेशनल पार्क में चीतलों के अवैध शिकार की घटना ने वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. वन विभाग द्वारा फरार आरोपितों की गिरफ्तारी और मामले की आगे की जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें: SIR-2026 को लेकर निर्वाचन आयोग के सचिव की समीक्षा बैठक, पात्र मतदाताओं का नाम सुनिश्चित करने पर जोर