न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: हजारीबाग चरही के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में हाथी भगाने वाली टीम के दो सदस्यों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए. हादसा उस समय हुआ जब टीम का वाहन हजारीबाग की ओर आ रहा था. जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा से आई हाथी भगाने वाली टीम पिछले आठ दिनों से रामगढ़ क्षेत्र में हाथियों को खदेड़ने का काम कर रही थी. बताया जा रहा है कि रामगढ़ से हजारीबाग लौटते समय चरही के पास एक कंटेनर ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी. वाहन में कुल 10 लोग सवार थे.
दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ सदस्य घायल हुए हैं. मृतकों में एक चालक बताए जा रहे हैं, जो वाहन चला रहे थे, जबकि दूसरा मृतक हाथी भगाने वाली टीम का सदस्य था.घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. यह हादसा उस वक्त हुआ जब टीम लगातार क्षेत्र में सक्रिय होकर हाथियों को आबादी वाले इलाकों से दूर भगाने का कार्य कर रही थी. प्रशासन द्वारा घटना की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है.

यह भी पढ़ें: बच्चा चोर की अफवाह फैलाने वाले पर बोकारो पुलिस करेगी कार्रवाई, 300 सोशल मीडिया अकाउंट्स को किया चिह्नित