राहुल कुमार/न्यूज़11 भारत
चंदवा/डेस्क: आजसू पार्टी की ओर से चकला गांव में करम मिलन समारोह का आयोजन पारंपरिक उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आजसू पार्टी के लातेहार जिला अध्यक्ष अमित कुमार पांडेय शामिल हुए. कार्यक्रम का आयोजन आजसू प्रखंड अध्यक्ष विवेक कुमार दुबे एवं मनोज तुरी के नेतृत्व में किया गया. समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ आजसू पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया. इस दौरान करम पर्व का व्रत रखने वाली महिलाओं एवं बच्चियों के बीच लाल पाल साड़ी का वितरण किया गया. साड़ी मिलने के बाद महिलाओं एवं बच्चियों में उत्साह देखने को मिला.
मुख्य अतिथि अमित कुमार पांडेय ने कहा कि करम पर्व झारखंड की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा मजबूत होता है और युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है. वहीं आजसू प्रखंड अध्यक्ष विवेक कुमार दुबे ने कहा कि करम पर्व प्रकृति, संस्कृति और सामाजिक समरसता का संदेश देता है. उन्होंने कहा कि अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है.
समारोह में आजसू प्रखंड अध्यक्ष बालूमाथ शंकर उरांव, जिला उपाध्यक्ष बिट्टू दास, नगर अध्यक्ष विकास गुप्ता, चकला पंचायत की मुखिया रंजिता एक्का, आजसू लातेहार प्रखंड अध्यक्ष अमर उरांव, पवन कुमार, सुमित कुमार, अमित लोहरा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे. कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ करम पर्व मनाया गया. उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को करम पर्व की शुभकामनाएं दीं. समारोह के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में सांस्कृतिक एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश देने का प्रयास किया गया.