वीरेन्द्र शर्मा/न्यूज़ 11 भारत
बरही/डेस्क: बिहार के ननिहाल से पिता के साथ घर लौटे 8 वर्षीय मासूम के लिए खुशियां मातम में बदल गईं. गुरुवार को भगत पंचायत के लोहरा गांव में तालाब में नहाने के दौरान डूबने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई.
मृतक की पहचान कुंदन भुइंया (8), पिता दशरथ भुइंया, निवासी लोहरा के रूप में हुई है.
कैसे हुआ हादसा
बताया गया कि कुंदन घर के पीछे स्थित तालाब में गांव के अन्य बच्चों के साथ नहाने गया था. बच्चे तालाब किनारे लगे पेड़ की डाली से पानी में छलांग लगा रहे थे. कुंदन ने भी डाली से छलांग लगाई, लेकिन वह सीधे गहरे पानी में चला गया और डूब गया.
साथ नहा रहे बच्चे डर के कारण वहां से भाग गए और किसी को इसकी जानकारी नहीं दी. करीब 2-3 घंटे तक जब कुंदन घर नहीं लौटा तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की. बच्चों से पूछताछ के बाद घटना का पता चला.
सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण तालाब पर पहुंचे. काफी मशक्कत के बाद उसे पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
कुछ दिन पहले ही लौटा था ननिहाल से
परिजनों के अनुसार कुंदन पिछले कुछ समय से बिहार में अपने ननिहाल में रह रहा था. कुछ दिन पहले ही वह पिता दशरथ भुइंया के साथ लोहरा स्थित अपने घर लौटा था. बेटे के आने से घर में रौनक लौटी थी, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. घर में चीख-पुकार मची हुई है.
पुलिस कर रही कार्रवाई
घटना की सूचना पर चौपारण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है.
मासूम की मौत से पूरे लोहरा गांव में शोक की लहर है.
यह भी पढ़ें: आवास बोर्ड की जमीन की घेराबंदी पर बवाल, वार्डवासियों ने रोका काम नाली निर्माण की उठाई मांग