उत्तम विश्वकर्मा/न्यूज़ 11 भारत
राजगंज/डेस्क: राजगंज क्षेत्र के बाघमारा प्रखंड अंतर्गत धारकिरो गांव में यज्ञ सेवा समिति धारकिरो के सौजन्य से मंदिर प्रांगण में श्री श्री शत चंडी महायज्ञ का भव्य आयोजन किया गया है. बुधवार 25 फरवरी 2026 को प्रातः 9:00 बजे कलश यात्रा के साथ यज्ञ का शुभारंभ हुआ.
कलश यात्रा मंदिर प्रांगण से प्रारंभ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में कन्याओं एवं महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर श्रद्धा और भक्ति के साथ भाग लिया. यात्रा मंदिर परिसर से निकलकर राजगंज क्षेत्र के कतरी नदी पुल के नीचे पहुंची, जहां आचार्य द्वारा विधि-विधान एवं मंत्रोच्चारण के साथ जल भरण किया गया. इसके पश्चात कलश यात्रा पुनः यज्ञ स्थल, धारकिरो मंदिर परिसर पहुंची, जहां विधिवत कलश स्थापित किया गया. पूरे मार्ग में बाजे-गाजे और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा.
यज्ञ का संचालन आचार्य श्री अर्जुन पांडे के सान्निध्य में किया जा रहा है. आयोजन के दौरान प्रतिदिन प्रभात फेरी, पूजन, हवन, संध्या आरती तथा रात्रि में धार्मिक अनुष्ठान एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा.
यह महायज्ञ 2 मार्च 2026 दिन सोमवार को पूर्णाहूति, महाप्रसाद वितरण एवं भंडारा के साथ संपन्न होगा. जल यात्रा में दिलीप तिवारी, केदार उपाध्याय, सीताराम मिश्रा, शंकर चौबे, केशव तिवारी, धनेश्वर तिवारी, बिजन रंजन तिवारी, मनोज कुमार तिवारी सहित ग्रामवासी एवं श्रद्धालुगण उपस्थित रहे. धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे गांव में उत्साह और भक्ति का माहौल बना हुआ है.
यह भी पढ़ें: पिरयारटांड़ में सड़क निर्माण में नदी के पत्थरों के उपयोग का ग्रामीणों ने किया विरोध, अनियमितता का आरोप