प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: बरवाडीह प्रखण्ड कार्यालय के सभागार में प्रखण्ड विकास पदाधिकारी रेश्मा रेखा मिंज की अध्यक्षता में सभी विभागों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में चिकित्सा प्रभारी डॉ मंटू कुमार , एई प्रभाकर मणि जेई, आवास कोऑर्डिनेटर शिव कुमार यादव प्रखण्ड आपूर्ति पदाधिकारी सुमित कुमार तिवारी सभी पँचायत के पंचायत सेवक सहित अन्य विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे.बैठक के दौरान प्रखण्ड विकास पदाधिकारी ने आवास योजनाओं की प्रगति की विशेष समीक्षा करते हुए लंबित आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया. उन्होंने आवास कोऑर्डिनेटर एवं पंचायत सेवकों को लाभुकों से नियमित संपर्क बनाकर निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा समय पर कार्य पूर्ण कराने को कहा. साथ ही चेतावनी दी कि बिना उचित कारण के कार्य में लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
इसके अलावा चिकित्सा विभाग को स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने, टीकाकरण एवं जनस्वास्थ्य से जुड़े कार्यक्रमों को समयबद्ध तरीके से संचालित करने का निर्देश दिया गया. तकनीकी विभाग (एई एवं जेई) को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा लंबित योजनाओं को शीघ्र पूर्ण कराने को कहा गया.वहीं आपूर्ति विभाग को राशन वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. पंचायत सेवकों को सभी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग कर प्रगति रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया.प्रखण्ड विकास पदाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने तथा सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया.
यह भी पढ़ें: गांडेय में सड़क हादसे में युवक की मौत, 407 मालवाहक वाहन की टक्कर से अंडा सप्लाई करने जा रहे युवक की गई जान