आशिष शास्त्री/न्यूज11 भारत
सिमडेगा/डेस्क: बांसजोर प्रखंड के तरगा पंचायत अंतर्गत ब्राह्मण टोली में एक गंभीर मामला सामने आया है. यहां 94 वर्षीय वृद्ध महिला कलावती देवी को सरकारी रिकॉर्ड में कथित तौर पर मृत दर्ज किए जाने के बाद पिछले करीब तीन वर्षों से उनकी पेंशन बंद है. इतना ही नहीं, आधार निष्क्रिय होने के कारण परिवार को राशन का लाभ लेने में भी परेशानी हो रही है.
आशिष शास्त्री/न्यूज11 भारत
सिमडेगा/डेस्क: परिजनों के अनुसार, कलावती देवी वृद्ध होने के साथ-साथ दिव्यांग भी हैं. उम्र के इस पड़ाव पर पेंशन उनके लिए आर्थिक सहारे का महत्वपूर्ण माध्यम थी. लेकिन सरकारी रिकॉर्ड में मृत दर्ज होने के कारण करीब तीन वर्षों से उन्हें पेंशन का भुगतान नहीं मिल रहा है. आधार निष्क्रिय होने से सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाले राशन का लाभ लेने में भी परिवार को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
मामले को लेकर परिवार की ओर से बांसजोर के बीडीओ को लिखित आवेदन देकर समस्या के समाधान की गुहार लगाई गई है. परिजनों का कहना है कि आवेदन देने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं होने से परिवार परेशान है.
कलावती देवी के बेटे जगदीश महापात्र ने बताया कि उनकी मां जीवित हैं और घर पर मौजूद हैं, लेकिन सरकारी रिकॉर्ड में उन्हें मृत दिखा दिया गया है. उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है. साथ ही उन्होंने यह भी मांग की है कि जांच के बाद यदि किसी कर्मी या अधिकारी की लापरवाही सामने आती है, तो उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए.
परिवार ने प्रशासन से सरकारी रिकॉर्ड में आवश्यक सुधार कराने, आधार को पुनः सक्रिय कराने तथा लंबित पेंशन एवं राशन का लाभ बहाल कराने की मांग की है. अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी शीघ्रता से कार्रवाई करता है.
यह भी पढ़ें: परिसदन सभागार सरायकेला में झारखंड विधानसभा की प्राक्कलन समिति की अध्यक्षता में विकास योजनाओं की विस्तृत समीक्षा